2023 में पठान जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म से अपना कमबैक करने वाले शाहरुख खान अब 2026 में किंग के साथ फिल्मी पर्दे पर फिर से अपनी वापसी करेंगे । पठान की तरह किंग भी उनकी ब्लॉकबस्टर कमबैक फ़िल्म बने इसके लिए शाहरुख खान कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं । इसलिए जहाँ इससे पहले सुजॉय घोष डायरेक्ट कर रहे थे वहीं अब इस फ़िल्म को पठान के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट करने वाले हैं । और अब बॉलीवुड हंगामा को शाहरुख खान की किंग को लेकर बड़ा एक्सक्लूसिव अपडेट मिला है ।

शाहरुख खान किंग को भी बनाना चाहते हैं अपनी ब्लॉकबस्टर कमबैक फ़िल्म
हमारे विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, सिद्धार्थ आनंद निर्देशन की अपनी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए किंग की स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दे रहे हैं । बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “सिद्धार्थ आनंद और शाहरुख खान ने पठान जैसी फिल्म बनाई है और इसलिए वे किंग को भी उसी लेवल या उससे बेहतर फ़िल्म बनाना चाहते हैं । इसलिए, सिड फिल्म को फ्लोर पर लाने से पहले स्क्रिप्टिंग स्टेज में ही ठीक कर रहे हैं ।”
सूत्र ने आगे बताया कि लंबे समय तक चलने वाले प्री-प्रोडक्शन काम के कारण, किंग अब मार्च के बजाय जून में फ्लोर पर आएगी । सूत्र ने हमें आगे बताया, “फिल्म की शूटिंग जून 2025 से भारत और यूरोप में शुरू होगी। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स दर्शकों को एक बड़ा सिनेमाई अनुभव प्रदान करने और 2026 के अंत तक फिल्म को बड़े पर्दे पर लाने की प्लानिंग में है ।”
किंग में शाहरुख खान के अलावा उनकी बेटी सुहाना खान और अभिषेक बच्चन भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
















