रोहित शेट्टी का कॉप यूनिवर्स भारतीय सिनेमा के सफल फ्रेंचाइजी में से एक रहा है । पिछले 15 सालों में उन्होंने 5 सफल कॉप ड्रामा फ़िल्में दी हैं । और अब रोहित शेट्टी एक नई कॉप फ्रेंचाइजी लेकर आ रहे हैं जो रियल लाइफ़ के सुपर कॉप, राकेश मारिया की जिंदगी पर बेस्ड होगी । विश्वसनीय सूत्रों से बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि, रोहित शेट्टी ने राकेश मारिया की बायोपिक फ़िल्म के लिए हीरो भी फ़ाइनल कर लिया है और वो कोई और नहीं बल्कि जॉन अब्राहम है । फ़िलहाल रोहित शेट्टी गोलमाल 5 का निर्देशन कर रहे हैं ।

रोहित शेट्टी बना रहे हैं जॉन अब्राहम को राकेश मारिया
दरअसल, रोहित शेट्टी और मुंबई पुलिस के पूर्व संयुक्त आयुक्त राकेश मारिया का काफ़ी गहरा नाता रहा है । और अब रोहित शेट्टी उनकी वीरता को ट्रिब्यूट देने के लिए उनकी लाइफ पर फ़िल्म बना रहे हैं । बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “रोहित शेट्टी, राकेश मारिया पर काफ़ी टाइम से बायोपिक फ़िल्म बनाना चाह रहे थे जो अब पूरी हो रही है । स्क्रिप्ट लॉक हो गई है और रोहित 2025 की गर्मियों में फिल्म को फ्लोर पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं ।”
इस फिल्म में जॉन अब्राहम लीड रोल में नजर आएंगे और सुपर कॉप राकेश मारिया की मुख्य भूमिका निभाएंगे। सूत्र ने हमें आगे बताया, “जॉन रोहित शेट्टी के साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं। यह कॉप यूनिवर्स का हिस्सा नहीं होगा, बल्कि अपने आप में एक यूनिवर्स होगा, क्योंकि राकेश मारिया असल जिंदगी के कॉप यूनिवर्स के सबसे मशहूर कॉप हैं ।”
सिंघम अगेन के बाद यह रोहित शेट्टी के प्रोडक्शन की यह अगली फिल्म होगी और 2026 में बड़े पर्दे पर आएगी ।
















