ब्लॉकबस्टर फ़िल्म संजू के बाद से फ़ैंस रणबीर कपूर की आगामी फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं । रणबीर भी अपने फ़ैंस को निराश नहीं करेंगे क्योंकि उनके पास बैक-टू-बैक 3 फ़िल्में है जो रिलीज के लिए तैयार है । जहां वह अयान मुखर्जी की साई-फ़ाई थ्रिलर फ़िल्म ब्रह्मास्त्र में और यशराज प्रोडक्शन की शमशेरा में नजर आएंगे । वहीं रणबीर कपूर जल्द ही लव रंजन की फ़िल्म में भी लीड रोल निभाते हुए नजर आएंगे । इस फ़िल्म में रणबीर के साथ श्रद्धा कपूर भी लीड रोल में नजर आएंगी । लव रंजन द्दारा निर्देशित इस फ़िल्म का नाम जहां अभी तक फ़ाइनल नहीं हुआ है वहीं इस फ़िल्म में रणबीर के किरदार के बारें में बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है ।

SCOOP: लव रंजन की रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा में रणबीर कपूर बने थेरेपिस्ट, सुलझाएंगे रिश्तों की समस्या ?

लव रंजन की फ़िल्म में रणबीर कपूर का किरदार

बॉलीवुड हंगामा को फ़िल्म से जुड़े सूत्र ने बताया है कि, रणबीर, लव रंजन की फ़िल्म में एक थेरेपिस्ट का किरदार अदा करेंगे । सूत्र ने बताया, “यह फ़िल्म कई मायने में रणबीर के लिए खास है । सबसे पहले इस फ़िल्म के साथ रणबीर पहली बार डायरेक्टर लव रंजन के साथ काम कर रहे हैं । दूसरा इस फ़िल्म में रणबीर के अपोजिट पहली बार श्रद्धा कपूर नजर आएंगी । इसके अलावा वह इस फ़िल्म में जो किरदार निभाने वाले हैं वह भी उन्होंने इससे पहले कभी नहीं निभाया । इस फ़िल्म में रणबीर एक थेरेपिस्ट का किरदार निभाएंगे जो लोगों की रिश्तों की समस्याओं को सुलझाने में एक्सपर्ट है ।”

लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा निर्मित और भूषण कुमार द्वारा प्रस्तुत, रणबीर और श्रद्धा अभिनीत अगली फिल्म में डिंपल कपाड़िया और बोनी कपूर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे । यह एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है जिसमें बोनी और डिंपल रणबीर के माता-पिता की भूमिका में नजर आएंगे । यह फिल्म 23 मार्च 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।