सलमान खान और तेलुगू सुपरस्टार चिरंजीवी और उनके बेटे राम चरण के बीच की दोस्ती अबा सिल्वर स्क्रीन पर भी देखने को मिल रही है । सलमान ख़ान की आगामी फ़िल्म किसी का भाई किसी की जान के एक गाने ‘येंतम्मा’ में राम चरण ने स्पेशल कैमियो किया है । और दिलचस्प बात ये है कि, सलमान ख़ान के साथ इस गाने में आने के लिए राम चरण ने एक रुपया भी नहीं लिया ।

सलमान ख़ान के साथ राम चरण
इससे पहले सलमान ने भी अपने दोस्त और राम चरण के पिता चिरंजीवी की फ़िल्म आचार्य में एक कैमियो किया था जिसके लिए उन्होंने कोई फ़ीस चार्ज नहीं की थी । सलमान की चिरंजीवी और राम चरण वि उनके परिवार से बॉन्डिंग किसी से छुपी हुई नहीं है । दोनों परिवार काफी करीब हैं । जब राम चरण मुंबई में जंजीर रीमेक की शूटिंग कर रहे थे, तो सलमान हर दिन सेट पर घर का खाना भेजते थे ।
सलमान के आग्रह पर, कोरियोग्राफर-निर्देशक प्रभुदेवा ने सलमान के दबंग 3 डांस नंबर 'मुन्ना बदनाम हुआ' में चिरंजीवी के प्रसिद्ध 'वीणा स्टेप' को शामिल किया था, जहां सलमान भारतीय संगीत वाद्ययंत्र, वीणा के आकार में ग्लाइड करते हैं ।
जब सलमान ने चिरंजीवी स्टारर गॉडफादर में एक बहुत ही विशेष अतिथि उपस्थिति, एक विस्तारित कैमियो के लिए शूटिंग शुरू की, तो उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि वह अपने काम के लिए एक पैसा भी स्वीकार नहीं करेंगे । चिरंजीवी के निर्माता सलमान को गॉडफादर में अतिथि भूमिका के लिए 15-20 करोड़ रुपये देना चाहते थे । लेकिन सलमान अपनी ज़िद पर अड़े थे की वो कुछ भी चार्ज नहीं करेंगे । उन्होंने चिरंजीवी से कहा कि अगर वे उन्हें पैसा देंगे तो वह कैमियो नहीं करेंगे । चिरंजीवी के लिए सलमान के शब्द थे, “अगर मैं आपसे अपनी फिल्म में एक भूमिका करने के लिए कहूं तो क्या आप इसके लिए फ़ीस लेंगे ?”
















