इस दीवाली बॉक्स ऑफिस पर दो सफल फ़्रेंचाइज़ी के तीसरे पार्ट, भूल भुलैया 3 और सिंघम अगेन के बीच ज़बरदस्त बॉक्स ऑफिस मुक़ाबला होने जा रहा है । मेकर्स ने भी इस महामुक़ाबले की पूरी तैयारी कर ली है । जहां कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 3 है रोज़ एक नए पोस्टर के साथ फ़िल्म की प्रत्याशा को बढ़ा रहे हैं वहीं अजय देवगन की सिंघम अगेन के लिए भी मेकर्स ने पूरी स्ट्रेटजी बना ली है । आज भूल भुलैया 3 का टीज़र रिलीज किया गया इसी बीच बॉलीवुड हंगामा को पता चला कि, रोहित शेट्टी ने भी सिंघम अगेन के ट्रेलर को रिलीज करने की पूरी प्लानिंग कर ली है।

सिंघम अगेन का ट्रेलर इस दिन होगा रिलीज
फ़ैंस को सिंघम अगेन के ट्रेलर के लिए अब लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा । सूत्रों के अनुसार, सिंघम अगेन की टीम जल्द ही एक थिएट्रिकल ट्रेलर रिलीज करेगी । एक सूत्र ने हमें बताया, “ट्रेलर गुरुवार, 3 अक्टूबर को रिलीज किया जाएगा । निर्देशक रोहित शेट्टी को पता है कि उनकी बहुचर्चित कॉप यूनिवर्स का कितना बड़ा फ़ैन बेस है । इसलिए वह उन लोगों को निराश नहीं करना चाहते हैं । उन्होंने एक रोमांचक ट्रेलर बनाने में पर्याप्त समय लिया, जो फिल्म की कहानी के बारे में एक अच्छा आईडिया देता है और फिल्म की मेगा स्टार कास्ट को पर्याप्त स्क्रीन समय भी देता है। फिल्म की टीम को भरोसा है कि सिंघम अगेन के लिए जो प्रचार पहले से ही बहुत अधिक है, वह ट्रेलर के सामने आने के बाद नेक्स्ट लेवल पर पहुँच जाएगा ।”
यह पूछे जाने पर कि क्या ट्रेलर लॉन्च इवेंट होगा, सूत्र के पास कोई जानकारी नहीं थी और उन्होंने कहा, “अभी इसे लेकर कुछ क्लीयर नहीं है लेकिन जल्द ही इस पर भी कोई फ़ैसला ले लिया जाएगा ।”
सिंघम अगेन में न केवल अजय देवगन उर्फ बाजीराव सिंघम हैं बल्कि अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, करीना कपूर खान, दीपिका पादुकोण, अर्जुन कपूर, टाइगर श्रॉफ और जैकी श्रॉफ भी अहम रोल में नज़र आने वाले हैं । यह शुक्रवार, 1 नवंबर को रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह सिंघम की तीसरी और रोहित शेट्टी कॉप यूनिवर्स की पाँचवीं फ़िल्म है । इस फ्रैंचाइज़ी की शुरुआत सिंघम (2011) के साथ धमाकेदार हुई और उसके बाद सिंघम अगेन (2014) आई। फिर, रणवीर सिंह अभिनीत सिम्बा (2018) रिलीज़ हुई और इसमें सिंघम का कैमियो था। अक्षय कुमार अभिनीत सूर्यवंशी (2021) में, सिंघम और सिम्बा दोनों दिखाई दिए और इसने सिनेमाघरों में धूम मचा दी।
















