अपने फ़िल्मी करियर में अभी तक अपने हर किरदार से दर्शकों को इंप्रेस करने वाले विक्रांत मैसी अब एक ऐसे किरदार में नजर आएंगे जो न सिर्फ आध्यात्मिक है, बल्कि वैश्विक मंच पर बदलाव लाने वाला भी है। विक्रांत मैसी जल्द ही आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर की बायोपिक फ़िल्म व्हाइट में लीड रोल में नजर आएंगे । व्हाइट को महावीर जैन प्रोड्यूस कर रहे हैं और सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं । हालांकि इस प्रोजेक्ट की कास्टिंग ने पहले से ही काफी सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन अब फिल्म की कहानी को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसने इस बायोपिक को एक नई और वैश्विक अहमियत दे दी है ।

SCOOP: विक्रांत मैसी की श्री श्री रविशंकर बायोपिक फ़िल्म व्हाइट में नहीं दिखेगा धर्मगुरु का आध्यात्मिक सफर ;  कोलंबिया शांति प्रयास के इर्द-गिर्द घूमेगी कहानी

श्री श्री रविशंकर की बायोपिक की कहानी अनकहे चैप्टर को दर्शाएगी

सूत्रों के मुताबिक, यह बायोपिक श्री श्री रविशंकर के आध्यात्मिक उपदेशों या दर्शन की यात्रा पर केंद्रित नहीं होगी। इसके बजाय, फिल्म एक ऐसे अध्याय को उजागर करेगी, जिसके बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी है — श्री श्री रविशंकर द्वारा कोलंबिया में 52 साल पुराने गृहयुद्ध को केवल एक साल में खत्म कराने में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका।

फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने खुलासा किया, “श्री श्री रविशंकर की जिंदगी पर बन रही इस बायोपिक में कोलंबिया में हुई शांति प्रक्रिया को केंद्र में रखा गया है, जहां उन्होंने सिर्फ एक साल में दशकों से चले आ रहे सिविल वॉर को समाप्त करने में मदद की थी । यह फिल्म उस वैश्विक प्रभाव की कहानी है जो अब तक अनकही रही है ।”

फिल्म को लेकर सबसे दिलचस्प बात यह भी सामने आई है कि इसकी 90% शूटिंग कोलंबिया में हो रही है और लगभग पूरी क्रू वहीं की है। यही नहीं, यह कदम न सिर्फ फिल्म में वास्तविकता का अहसास दिलाएगा, बल्कि उस दौर और माहौल से जुड़े लोगों की नजर से कहानी को पेश करने का भी मौका देगा।

श्री श्री रविशंकर की वैश्विक शांति में भूमिका को दिखाते हुए यह बायोपिक न केवल आध्यात्मिक अनुयायियों के लिए है, बल्कि उन दर्शकों के लिए भी है जो डिप्लोमेसी, इंटरनेशनल रिलेशंस और वर्ल्ड पीस जैसी कहानियों में रुचि रखते हैं।

डायरेक्टर मंटू बसी की निगरानी में और विक्रांत मैसी जैसे सधे हुए अभिनेता के साथ यह फिल्म सिर्फ एक बायोपिक नहीं, बल्कि एक इंस्पिरेशनल थ्रिलर के तौर पर सामने आने वाली है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित है।