आयुष्मान खुराना, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी, रश्मिका मंदाना और परेश रावल की हॉरर कॉमेडी फ़िल्म थामा इस दिवाली रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है । लेकिन मैडॉक फिल्म्स के हॉरर कॉमेडी सिनेमैटिक यूनिवर्स की थामा की रिलीज़ से पहले एक ट्विस्ट आ गया है ।बॉलीवुड हंगामा को ट्रेड सूत्रों से पता चला है कि, इस बार मैडॉक फिल्म्स की थामा का डिस्ट्रीब्यूशन पेन मरुधर नहीं बल्कि जियो स्टूडियोज़ कर सकता है।

थामा से जुड़ेगा जियो स्टूडियोज़
सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “मैडॉक फिल्म्स के दिनेश विजन, थामा को डिस्ट्रीब्यूट करने के लिए जियो से बातचीत कर रहे हैं। यह बातचीत काफ़ी आगे बढ़ चुकी है। पीवीआर पिक्चर्स में लंबे समय से काम कर रहे दीपक शर्मा अगले महीने जियो से जुड़ सकते हैं और इसी के ज़रिए फिल्म की रिलीज़ को फ़ाइनल किया जा सकता है।”
अगर ऐसा होता है तो थामा पेन मरुधर के ज़रिए रिलीज़ नहीं होगी। साथ ही, यह भी देखना दिलचस्प होगा कि भविष्य में मैडॉक की आने वाली फ़िल्में किस बैनर के तहत रिलीज़ की जाती हैं।
मैडॉक फिल्म्स और पेन मरुधर की डिस्ट्रीब्यूशन साझेदारी भेड़िया (2022) से शुरू हुई थी। इसके बाद जरा हटके जरा बचके (2023), सजनी शिंदे का वायरल वीडियो (2023), तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया (2024), मुनज्या (2024), स्त्री 2 (2025; पीवीआर इनॉक्स पिक्चर्स के साथ), छावा (2025), भूल चुक माफ़ (2025) और हाल ही में रिलीज़ हुई परम सुंदरी (2025) इसी चैनल से रिलीज़ हुईं।
इस यूनिवर्स की शुरुआत हुई थी 2018 में स्त्री से, जिसमें राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की जोड़ी ने धूम मचाई। इसके बाद भेड़िया (2022) और फिर मुंज्या (2024) ने दर्शकों को खूब हंसाया और डराया । स्त्री 2 ने तो बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ का धमाका किया। अब थामा, जिसे आदित्य सरपोतदार ने डायरेक्ट किया है, इस यूनिवर्स की अगली कड़ी है।
अब बस नज़रें टिकी हैं इस बात पर कि क्या जियो स्टूडियोज़ आधिकारिक तौर पर थामा की कमान संभालता है या नहीं। यह फैसला आने वाले समय में मैडॉक फिल्मों की डिस्ट्रीब्यूशन रणनीति तय करने में अहम साबित हो सकता है।
















