सिकंदर के बाद सलमान खान अपनी नेक्स्ट फ़िल्म की तैयारी में बिजी हो गए हैं । एक के बाद एक फ्लॉप देने के बाद अब सलमान ने अपने दमदार कमबैक के लिए जबरदस्त तैयारी की है और इसलिए उन्होंने सिद्धार्थ आनंद, अली अब्बास ज़फर और कबीर खान के आकर्षक ऑफर को ठुकराते हुए सबसे अलग, डायरेक्टर अपूर्व लाखिया को अपनी नेक्स्ट फ़िल्म के लिए चुना है । कहा जा रहा है कि अपूर्व लाखिया 2020 के गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित एक वॉर ड्रामा फ़िल्म बना रहे हैं जिसमें सलमान खान कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू का किरदार निभाएंगे ।

अपूर्व लाखिया की वॉर ड्रामा में कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू बनेंगे सलमान खान ; जुलाई से लद्दाख में करेंगे शूटिंग

कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू के किरदार में सलमान खान

जियो स्टूडियोज द्वारा बनाई जा रही और अपूर्व लाखिया द्वारा निर्देशित यह फ़िल्म शिव अरूर और राहुल सिंह द्वारा लिखी गई किताब इंडियाज मोस्ट फियरलेस 3 (2022) के पहले चैप्टर पर बेस्ड है जो कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू के बारे है । और इस फ़िल्म में सलमान कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू का किरदार निभाते नजर आएंगे ।

मिड डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “कर्नल बाबू का किरदार वीरतापूर्ण है । उन्होंने कई आतंकवाद विरोधी और घुसपैठ अभियानों में अपनी वीरता साबित की थी । निर्देशक ने पहले चैप्टर के राइट्स हासिल कर लिए हैं, जिसका नाम है, मैंने कभी ऐसी भयंकर लड़ाई नहीं देखी - जून 2020 में गलवान में हुई झड़प । सुरेश नायर ने चिंतन गांधी और चिंतन शाह के साथ मिलकर इस फिल्म के लिए स्टोरी-स्क्रीनप्ले को एडेप्टेड किया है ।” चैप्टपर में बताया गया है कि कैसे भारतीय सैनिकों ने, संख्या में बहुत कम होने के बावजूद, अच्छी तरह से ट्रेंड पीएलए सैनिकों के खिलाफ अपने क्षेत्र की बहादुरी से रक्षा की थी ।

रिपोर्ट के मुताबकि सलमान खान की अपकमिंग फिल्म जुलाई के दूसरे सप्ताह में फ्लोर पर आएगी, जिसकी शूटिंग मुंबई और लद्दाख में 70 दिनों तक चलेगी । इससे पहले अपनी रिपोर्ट में बॉलीवुड हंगामा ने बताया था कि, सलमान खान ने सिकंदर के बाद अपनी अगली फिल्म के लिए अपूर्व लाखिया को चुना है, और यह कंफ़र्म हो गया है कि यह जुलाई 2025 में फ्लोर पर आएगी । “सलमान खान निर्देशक अपूर्व लाखिया की अगली फिल्म के लिए लद्दाख में ऊंचाई वाले इलाकों में शूटिंग करेंगे । उन्होंने अपना ट्रेनिंग प्रोसेस भी शुरू कर दिया है और फिल्म के लिए दुबले-पतले शरीर में दिखाई देंगे । यह लद्दाख में 20 दिनों का शेड्यूल है, उसके बाद मुंबई में 50 दिन का शेड्यूल है, जो इसे पूरा करता है । फिल्म 2026 की पहली छमाही में रिलीज होगी ।”

साल 2020 के गलवान संघर्ष के दौरान 16 बिहार रेजिमेंट का नेतृत्व करने वाले कर्नल बाबू 14 जून, 2020 को लद्दाख के गलवान घाटी क्षेत्र में चीनी सैनिकों का सामना करते हुए शहीद हो गए थे । वह चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के खिलाफ कार्रवाई में शहीद होने वाले भारतीय सैनिकों में से एक थे । साल 2021 में, उन्हें मरणोपरांत भारत के दूसरे सबसे बड़े युद्धकालीन वीरता सम्मान महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था ।