सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म दबंग ने उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया था । इस फ़िल्म में अपने किरदार ‘चुलबुल पांडे’ ने दर्शकों के दिलों में अच्छी जगह बनाई । लेकिन अब इसी फ़िल्म के डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने सलमान खान और उनके परिवार पर गंभीर इल्जाम लगाए हैं । इतना ही नहीं अभिनव कश्यप ने सलमान खान को लोगों के करियर को तबाह करने वाला ‘गुंडा’ तक कह दिया है । जिसका जवाब अब सलमान ने खुले तौर पर दिया है ।

करियर खाने के आरोपों पर सलमान खान का पलटवार
सलमान खान के लिए अक्सर कहा जाता है कि, वो लोगों के करियर खा जाते हैं, बॉलीवुड में उन्होंने दूसरों के करियर बिगाड़े हैं । इन सब आरोपों का जवाब अब सलमान ने बिग बॉस वीकेंड का वार एपिसोड पर साफ और सीधे तौर पर दिया है ।जब शहनाज गिल स्टेज पर आईं और अपने भाई शहबाज को घर के अंदर वाइल्ड कार्ड प्रतियोगी के रूप में भेजने की रिक्वेस्ट की, तो उन्होंने सलमान को धन्यवाद देते हुए कहा, “सर, आपने बहुत लोगों के लोगों के करियर बनाए हैं ।” इस पर सलमान ने तुरंत मना किया और कहा, “मैंने कहां किसी का करियर बनाया है । करियर बनाने वाला तो ऊपर वाला (भगवान) होता है ।”
इसके बाद सलमान ने सीधे अपने ऊपर लगे इल्ज़ाम का मुंहतोड़ जवाब दिया और कहा, “मुझ पर लांछन भी लगाया गया है कि मैंने बहुत से लोगों के करियर डुबोए हैं । लेकिन करियर डुबोना मेरे हाथ में है ही नहीं । आजकल तो यह बातें चलती रहती हैं कि सलमान करियर खा जाएगा । अरे, मैंने कौन-सा करियर खा लिया है ? और अगर खाना ही हो तो मैं अपना ही करियर खा लूँगा ।”
बता दें कि, हाल ही में एक न्यूज पोर्टल को दिए इंटरव्यू में दबंग के डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने खान परिवार के खिलाफ कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने कहा, “सलमान किसी विवाद में सीधे तौर पर शामिल नहीं होते । उन्हें एक्टिंग से कोई लगाव नहीं है और पिछले 25 सालों से ऐसा ही है । सेट पर आना उनके लिए एक एहसान करने जैसा है । उन्हें स्टारडम का शौक है, लेकिन एक्टिंग में उनकी कोई रुचि नहीं । वह एक गुंडे की तरह व्यवहार करते हैं ।”
अभिनव यहीं नहीं रुके, उन्होंने सलमान को बदतमीज और बदला लेने वाला भी कहा । अभिनव ने कहा, “सलमान ने बॉलीवुड में स्टार सिस्टम को जन्म दिया ।उनका परिवार 50 सालों से इंडस्ट्री पर हावी है । वे पूरी प्रोसेस को अपने कब्जे में रखते हैं । अगर आप उनके खिलाफ जाते हैं तो वे आपको निशाना बनाते हैं और आपका करियर बर्बाद कर देते हैं ।”
अभिनव ने अपने भाई और मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप का जिक्र करते हुए एक और बड़ा खुलासा किया । उन्होंने बताया, “अनुराग के साथ तेरे नाम के दौरान भी ऐसा ही हुआ था । अनुराग ने मुझे दबंग से पहले चेतावनी दी थी कि सलमान के साथ काम करना आसान नहीं होगा । उन्होंने मुझे साफ-साफ नहीं बताया, लेकिन कहा कि मैं इन लोगों की हरकतों से परेशान हो जाऊंगा । अनुराग को इनके तौर-तरीकों का पहले से अंदाजा था ।”
















