14 अप्रैल को सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग ने लोगों को परेशान कर दिया है । फायरिंग के तुरंत बाद से ही पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी । इस मामले की जांच पुलिस गंभीरता से कर रही है जिसमें अब तक कई आरोपीयों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है । और अब केस की चार्जशीट में कई हैरान कर देने वाले खुलासे हुए हैं । पुलिस का कहना है कि लॉरेंस गैंग ने सलमान को मारने के लिए 25 लाख रुपए की सुपारी दी थी । इतना ही नहीं आरोपियों ने सलमान खान की हत्या की साजिश रची थी और इसके लिए पाकिस्तान से हथियार मंगवाए गए थे ।

सलमान खान को मारने के लिए बिश्नोई गैंग ने दी थी 25 लाख रु की सुपारी ; पाकिस्तान से मंगाए अत्याधुनिक हथियार ; फिल्म की शूटिंग के दौरान हमला करने का बनाया था प्लान- चार्जशीट में हुआ खुलासा

सलमान खान की हत्या की साजिश

हाल ही में पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए लॉरेंस गैंग के 5 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है । पुलिस ने चार्जशीट में बताया कि सलमान खान को मारने की प्लानिंग अगस्त 2023 और अप्रैल 2024 के बीच रची गई थी. पुलिस ने यह भी बताया कि करीब 60 से 70 लोग सलमान खान की हर मूवमेंट की खबर रख रहे थे. जांच में पुलिस को पता चला कि यह सभी मुंबई में सलमान के घर, उनका पनवेल का फार्म हाउस और गोरेगांव फिल्म सिटी  सलमान की हर मूवमेंट की खबर रख रहे थे । दरअसल, सलमान खान की हत्या की कथित साजिश में शामिल आरोपियों ने फिल्म की शूटिंग के दौरान हमला करने का प्लान बनाया गया था ।

एक पुलिस अधिकारी ने ये भी बताया कि मामले की जांच के दौरान पता चला कि एक्टर पर हमला करने के लिए जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने अपने गिरोह के सदस्यों को 25 लाख रुपये की 'सुपारी' भी दी थी । चार्जशीट में ये भी कहा गया है कि आरोपी सलमान पर हमला करने के लिए पाकिस्तान से एके-47 राइफल, एके-92 राइफल और एम-16 राइफल खरीदने की तैयारी में थे. इसके अलावा इन्होंने जिगाना पिस्तौल भी मंगवाने की कोशिश की थी, जिससे पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की गई थी ।

पुलिस ने चार्जशीट में बताया कि सलमान को मारने के लिए आरोपियों ने 18 साल से कम उम्र के लड़कों को हायर किया था. पुलिस ने यह भी बताया कि सारे शूटर गोल्डी ब्रार और अनमोल बिश्नोई के ऑर्डर का इंतजार कर रहे थे । ऑर्डर मिलते ही वह सभी पाकिस्तान से आए अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल करके सलमान पर हमला कर देते ।