
सलमान खान ने अक्षय कुमार और ह्रितिक रोशन को अडवांस टैक्स भरने के मामले में बुरी तरह से मात दी है । साल 2016-17 के वित्तीय वर्ष में सबसे ज्यादा अडवांस टैक्स का भुगतान करने वालों की लिस्ट में सलमान खान का नाम सबसे ऊपर है ।
खबरों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2016 -17 में सलमान खान ने 44.5 करोड़ रुपये का अडवांस इनकम टैक्स भरा है, जोकि पिछले साल (32.2 करोड़) के मुकाबले काफी ज्यादा है । इन आंकड़ों के मुताबिक सलमान की सालाना आय में 39 फीसदी का इजाफा हुआ है । इस साल की चौथी तिमाही में, सलमान ने 14.5 करोड़ रु का अग्रिम कर का भुगतान किया है ।
बीते साल, अक्षय कुमार ने एयरलिफ़्ट, हाउसफ़ुल 3 और रुस्तम जैसी तीन सुपरहिट फ़िल्में दी थी । 2016-17 में उनकी आय में मामूली गिरावट देखी गई । इस वित्तिय वर्ष में अक्षय ने 29.5 करोड़ रुपये का अडवांस टैक्स भरा है जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में 30 करोड़ रु का अदा किया था ।
अडवांस टैक्स भरने के मामले में ह्रितिक रोशन तीसरे स्थान पर रहें >ह्रितिक ने इस साल 25.5 करोड़ रुपये के अडवांस टैक्स का भुगतान किया है । ह्रितिक ने वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही में 6.5 करोड़ रुपये का अडवांस टैक्स भरा ।
अडवांस टैक्स भरने के मामले में चौथे स्थान पर जो शख्स आया है वो आयकर विभाग के लिए काफी आश्चर्यचकित रहा है । कॉमेडियन से अभिनेता बने कपिल शर्मा ने मौजूदा वित्तीय वर्ष में 23.9 करोड़ का अडवांस टैक्स भरा है । एक आईटी अधिकारी के अनुसार, कपिल की निजी आय में लगभग 206 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है ।
अडवांस टैक्स भरने के मामले में पांचवे स्थान पर ऐ दिल है मुश्किल के अभिनेता रणबीर कपूर का नाम है । भले ही साल 2016 में उनकी फ़िल्म काफ़ी सफ़ल साबित हुई फ़िर भी, इस साल उनकी आय में कमी आई है । इस साल उनकी आय में 27 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है । इस वित्तीय वर्ष में, उन्होंने 16.5 रु का अडवांस टैक्स भरा है जबकि बीते साल उन्होंने 22.3 करोड़ का भुगतान किया था । रणबीर ने 2016-17 की चौथी तिमाही में 5 करोड़ का अडवांस टैक्स भरा था ।
आश्चर्य की बात है कि बीते साल ब्लॉकबस्टर फ़िल्म दंगल देने वाले आमिर खान अडवांस टैक्स भरने की सूची में छठें स्थान पर हैं । बीते वित्तिय वर्ष, उन्होंने 9.6 करोड़ का अग्रिम कर भरा था । इस वित्तिय वर्ष उन्होंने 14.8 करोड़ रु का अग्रिम कर भरा जो कि 54 प्रतिशत की वृद्धि है । आमिर खान ने 31 मार्च, 2017 तक चौथी तिमाही में 3. 9 करोड़ रुपये का अग्रिम कर चुकाया ।
अग्रिम करदाताओं की टॉप 10 की सूची में एकमात्र फिल्ममेकर का नाम है और वो हैं करण जौहर । खबरों के मुताबिक, करण की व्यक्तिगत आय में इस वित्त वर्ष में लगभग 473 फीसदी की वृद्धि हुई है । करण ने चौथी तिमाही में 4 करोड़ रुपये का एक अग्रिम कर चुकाया है । वर्ष 2016-17 में, करण ने कुल मिलाकर 11.7 करोड़ रु का अग्रिम कर का भुगतान किया है ।
इस साल अडवांस टैक्स अदा करने वालों की सूची में पहली अभिनेत्री दीपिका पादुकोण रहीं, क्योंकि इस साल उनकी पहली हॉलीवुड फ़िल्म ट्रिपल एक्स; रि्टर्न ऑफ़ जेंडर केज के चलते उनकी आय में काफ़ी ज्यादा उछाल देखा गया । 13 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ दीपिका ने तमाम बड़ी अभिनेत्रियों के बीच शीर्ष स्थान पर रहीं । पूरे वित्तीय वर्ष के लिए, दीपिका ने 10.25 करोड़ रुपये का अग्रिम कर चुकाया और इस वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही में 2.75 करोड़ रुपये का भुगतान किया ।
अडवांस टैक्स अदा करने की सूची में इस बार एक नया नाम जुड़ा है और वो बॉलीवुड की उभरती हुई अदाकारा आलिया भट्ट । बीते साल आलिया की लगातार तीन फ़िल्में हिट रहीं और जिसकी वजह से उनकी आय में 46 प्रतिशत की बढ़त देखी गई । उन्होंने इस पूरे वित्तीय वर्ष के लिए 4.33 करोड़ रुपये का अग्रिम कर चुकाया है । चौथी तिमाही में, आलिया ने 2.23 करोड़ रुपये का अग्रिम कर का भुगतान किया ।
अग्रिम करदाताओं की सूची में दसवें स्थान पर करीना कपूर खान है, जिनकी आय में बीते वर्ष उनके मातृत्व अवकाश के चलते गिरावट आई । उनकी आय में लगभग 44 प्रतिशत की कमी आई है । करीना ने पिछले वित्त वर्ष में 3. 9 करोड़ रुपये का अग्रिम कर चुकाया है । चौथी तिमाही में, उन्होंने 1.2 करोड़ रुपये का एक अग्रिम कर दिया ।
जहां तक शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन का सवाल है, आईटी विभाग ने इनकी टैक्स डीटेल्स जारी करने से इनकार कर दिया है । और इसका कारण है कि पनामा पेपर्स में इन कलाकारों का नाम आया जिसके चलते ये जांच के घेरे में है ।
















