सलमान खान के फ़िल्मी करियर की सबसे बेहतरीन फ़िल्म में से एक बजरंगी भाईजान का सीक्वल आने जा रहा है और इसका ऐलान खुद सलमान ने किया है । बॉक्स ऑफ़िस पर रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ फ़ैंस से मिले प्यार के चलते सलमान ने बजरंगी भाईजान 2 का अनाउंसमेंट कर दिया है । सलमान खान ने इस बात का ऐलान रविवार को मुंबई में आरआरआर के इवेंट में किया ।

सलमान खान ला रहे हैं बजरंगी भाईजान 2
बाहुबली फ़ेम एस एस राजामौली की आगामी फ़िल्म आरआरआर के प्री-रिलीज ग्रैंड इवेंट के दौरान सलमान ने बजरंगी भाईजान 2 की घोषणा की । बजरंगी भाईजान के सीक्वल को एस एस राजामौली के पिता के.वी विजयेंद्र प्रसाद लिखने वाले हैं । बता दें कि, सलमान आरआरआर टीम को सपोर्ट करने के लिए RRR के हिंदी रीमेक के इस ग्रैंड इवेंट में शामिल हुए थे और इस दौरान उन्होंने बजरंगी भाईजान के सीक्वल की घोषणा की ।
आरआरआर के इवेंट में सलमान ने कहा कि एसएस राजामौली के पिता ने उन्हें उनके करियर की बेस्ट फिल्म दी । इस पर करण जौहर ने सलमान से पूछा कि “तो हम मान लें कि यह फिल्म का आधिकारिक ऐलान है ?” इस पर सलमान खान ने जवाब दिया, “हां, करण” इस तरह सलमान ने बहुत ही साधारण अंदाज में बजरंगी भाईजान 2 का ऐलान कर दिया है ।
साल 2015 में रिलीज हुई भारत-पाकिस्तान पर बनी फिल्म की कहानी ने लोगों के दिलों को छू लिया था । सलमान की बजरंगी भाईजान की कहानी भी के.वी विजयेंद्र प्रसाद ने ही लिखी थी और अब इसके सीक्वल की कहानी भी वही लिखेंगे । बजरंगी भाईजान को कबीर खान ने डायरेक्ट किया था । इस फिल्म में सलमान के अलावा करीना कपूर खान, हर्षाली मल्होत्रा, जिसने मुन्नी का किरदार निभाया था, और नवाजुद्दिन सिद्दिकी अहम रोल में नजर आए थे ।
















