ब्लॉकबस्टर फ़िल्म करण अर्जुन बॉलीवुड की कल्ट फ़िल्मों में से एक है । सलमान खान और शाहरुख खान को एक साथ लाने वाली करण अर्जुन के बाद फ़ैंस इस जोड़ी को फ़िर से बड़े पर्दे पर साथ देखने के लिए उत्साहित है । लेकिन फ़ैंस को इसके लिए लंबा इंतजार करना होगा । आज कुछ मीडिया खबरों में कहा जाने लगा कि यशराज फ़िल्म्स, फ़िर से करण अर्जुन की स्टार जोड़ी शाहरुख खान और सलमान खान को एक साथ लाने की तैयारी कर रहा है । कहा जाने लगा कि यशराज फ़िल्म्स एक फ़िल्म प्रोड्यूस करने वाला है जिसमें शाहरुख और सलमान लीड रोल में नजर आएंगे । लेकिन जब बॉलीवुड हंगामा ने इस खबर की सच्चाई का पता लगाया तो पता चला कि ये खबर महज एक अफ़वाह है ।

शाहरुख खान और सलमान खान
प्रोडक्शन से जुड़े सूत्र ने इस खबर को निराधार बताते हुए सूत्र ने कहा, “सलमान और शाहरुख दोनों को एक साथ लाने की सिर्फ़ बात की गई थी । इसके लिए कोई स्क्रिप्ट तक नहीं थी । असल में सलमान टाइग़र के रूप में शाहरुख की पठान में स्पेशल रोल मेंनजर आएंगे वहीं शाहरुख पठान के रूप में सलमान की टाइगर 3 में नजर आएंगे । लेकिन दोनों की साथ में फ़िल्म की खबर सिरे से झूठी है ।”
दिलचस्प बात ये है कि यशराज फ़िल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की दो फ़िल्में टाइगर 3 और पठान में सलमान और शाहरुख एक दूसरे की फ़िल्मों में स्पेशल कैमियो करते हुए नजर आएंगे । टाइगर 3 में जहां सलमान के साथ कैटरीना कैफ़ और इमरान हाशमी भी अहम भूमिका में नजर आएंगे । वहीं पठान में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी लीड रोल में नजर आएंगे । टाइगर 3, हिंदी, तमिल और तेलुगू में साल 2023 की ईद पर रिलीज होने वाली है । वहीं पठान 25 जनवरी 2023 को हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगू में भी रिलीज होगी ।
















