सिद्धार्थ मल्होत्रा और जैकलिन फर्नांडीस पहली बार आगामी फ़िल्म ए जेंटलमैन में एक साथ नजर आएंगे । एक्शन-रोमांस पर आधारित इस फ़िल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है लेकिन एक गाना शूट होना अभी बाकी है । इसलिए मेकर्स ने इस गाने की शूटिंग जुलाई में शुरू करने का फ़ैसला किया है ।

ग्लैमर और रोमांस से भरा ये गाना आपको पुराने दिनों की याद दिलाएगा । दरअसल, यह एक रेट्रो गाना है जो कि हॉलीवुड शैली में 70 के दशक का लोकप्रिय स्टाइल है । दिलचस्प बात ये है कि रीमेक के जमाने में यह गाना रेट्रो लुक लिए हुए एक ऑरिजनल गीत होगा । गाने का सेट-अप और म्यूजिक ईरा के अलावा इस गाने में कलाकार 70 के दशक के फ़ैशन के अनुसार कपड़े पहने हुए नजर आएंगे ।

शुरुआती खबरों के मुताबिक, पहले यह गाना बादशाह के पुराने गीत 'बंदूक' का रीमेक माना जा रहा था । यहां तक की रैपर भी इस गाने से जुड़ने वाला था । लेकिन अब सुनने में आया है कि अचानक इसको लेकर प्लान बदल दिया गया और मेकर्स ने इस गाने को रेट्रो स्टाइल में बनाने का फ़ैसला किया ।

फ़िल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद इस गाने को शूट करने का अहम कारण यह है कि इस गाने के लिए मेकर्स चाहते थे कि सिद्धार्थ लंबे बालों में नजर आए और जब तक सिद्धार्थ के लंबे बाल होते हैं तब तक मेकर्स को इंतजार करना होगा । इस गाने को बॉस्को मार्टिस द्दारा कॉरियोग्राफ़ किया जाएगा । इस गाने के लिए जल्द से जल्द रिहर्सल शुरू कर दी जाएगी । और इसके सिद्धार्थ अपने करंट शूट को बीच में छोड़कर आएंगे । आपको बता दें कि, सिद्धार्थ मल्होत्रा इन दिनों मनोज वाजपेयी के साथ कश्मीर की वादियों में नीरज पांडे की आगामी फ़िल्म अय्यारी की शूटिंग कर रहे हैं । वहीं दूसरी तरफ़, जैकलिन फर्नांडीस डेविड धवन द्दारा निर्देशित फ़िल्म जुड़वा 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं । इस फ़िल्म में वह वरुण धवन के साथ नजर आएंगी ।

राज निदीमोरू और कृष्णा डीके द्वारा निर्देशित आगामी फ़िल्म ए जेंटलमैन 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।