स्त्री 2 को रिलीज़ हुए लगभग दो हफ़्ते हो चुके हैं और फिर भी, फ़िल्म को लेकर उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा है । कल, इसके मुख्य अभिनेता राजकुमार राव ने फ़िल्म के सेट से एक अनदेखी तस्वीर पोस्ट की थी जिसमें वह महिला अवतार में नज़र आ रहे हैं । बैंगनी रंग की सीक्वेंस वाली स्कर्ट, लाल रंग का टॉप और गोल्डन श्रग पहने हुए राजकुमार राव का यह लुक स्त्री 2 का डिलीटेड सीन है । अभिनेता ने कैप्शन में उल्लेख किया कि यह फ़िल्म का उनका पसंदीदा दृश्य था, लेकिन दुख की बात है कि यह फ़ाइनल कट में एडिट कर दिया गया । हालाँकि, राजकुमार राव ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि यह दृश्य किस बारे में था । लेकिन अब बॉलीवुड हंगामा के पास इस डिलीटेड सीन को लेकर एक्सक्लूसिव अपडेट है ।

REVEALED: स्त्री 2 के फाइनल कट में डिलीट किए सीन में राजकुमार राव इसलिए बने थे लड़की ; मेकर्स फिर से एड कर सकते हैं ये डिलीटेड लुक

स्त्री 2 से राजकुमार राव का डिलीटेड लुक

बॉलीवुड हंगामा ने इस सीन के बारे में रोचक जानकारी दी है । यूनिट के एक सूत्र ने बताया, “इसमें राजकुमार क्रॉस-ड्रेसिंग करते हैं और खलनायक सरकटा को लुभाने के लिए महिला बन जाते हैं । ऐसा इसलिए है क्योंकि सरकटा केवल महिलाओं पर हमला करता है और इसलिए, विक्की (राजकुमार राव) यह असामान्य और जोखिम भरा कदम उठाता है ।”

सूत्र ने आगे बताया, “जना (अभिषेक बनर्जी) भी इस सीन का हिस्सा हैं । वह विक्की को पहचानने में विफल हो जाता है और उसे कोई और समझ लेता है, जिससे सीन में कॉमेडी और बढ़ जाती है ।” दूसरे सूत्र ने बताया कि विक्की की एड़ी टूट जाती है और यह भी मैडनेस को बढ़ाता है । सूत्र के अनुसार, विक्की की विग को लेकर भी कुछ कॉमेडी होती है ।

इंस्टाग्राम पोस्ट में राजकुमार राव ने अपने फॉलोअर्स से पूछा, ‘क्या आप लोग देखना चाहते हैं ये सीन फिल्म में ? आप सब बताओ ’। स्त्री 2 की लीड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर ने उत्साह से इस पर कमेंट करते हुए कहा,  कि इस सीन को फाइनल कट में जोड़ा जाना चाहिए । लेखक नीरेन भट्ट ने भी कमेंट करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि फिल्म का एक्सटेंडेड कट आउट हो । अब यह देखना बाकी है कि क्या उक्त सीन स्त्री 2 के प्रिंट में जोड़ा जाता है या नहीं ।

एक एग्जीबीटर ने हमें बताया, “ऐसा अक्सर मेकर्स द्वारा उनकी फिल्म के हिट होने के बाद किया जाता है । अगर उन्हें लगता है कि उनकी फिल्म लंबी हो रही है तो वे कुछ सीन या गाना हटा सकते हैं । फिल्म के स्वीकार किए जाने के बाद, हटाए गए हिस्से को जोड़ दिया जाता है । हॉलिडे - ए सोल्जर इज़ नेवर ऑफ ड्यूटी (2014) में अक्षय कुमार और गोविंदा पर फिल्माया गया एक गाना एक हफ्ते बाद जोड़ा गया था । दे दना दन (2009) में अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ का एक सेंशुअस गाना भी रिलीज़ होने के कुछ दिनों बाद आया ।”