वरुण धवन और जाह्नवी कपूर की फ़िल्म बवाल गुरुवार, 27 जुलाई को डायरेक्ट अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ होगी । इस खबर को 24 जून को, बॉलीवुड हंगामा ने सबसे पहले ब्रेक किया था । लेकिन अब वरुण धवन और जाह्नवी कपूर की फ़िल्म के रिलीज़ प्लान में कुछ फेरा बदल हुआ है जिसके बारें में क़रीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिव अपडेट दी है ।

वरुण धवन और जाह्नवी कपूर की बवाल के रिलीज प्लान में फेरबदल
क़रीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “निर्माताओं और अमेज़ॅन प्राइम वीडियो की टीम ने शुरुआत में 27 जुलाई को बवाल को रिलीज़ करने का फैसला किया । हालांकि, वरुण धवन और कोर टीम के अन्य लोगों को लगा कि बवाल को 27 जुलाई को रिलीज़ करना सही नहीं होगा क्योंकि 28 जुलाई को करण जौहर की रॉकी और रानी की प्रेम कहानी सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी । वरुण को लगा की, उनके गुरु करण जौहर की बहुप्रतीक्षित फिल्म के रिलीज होने से एक दिन पहले उनकी फिल्म का प्रीमियर ओटीटी पर करना उचित नहीं होगा । जैसा की हम सभी जानते हैं कि, वरुण करण का बहुत सम्मान करते हैं क्योंकि करण ने ही स्टूडेंट ऑफ द ईयर (2012) में वरुण को बॉलीवुड में लॉन्च किया था ।”
सूत्र ने आगे कहा, “निर्णायक अधिकारियों को वरुण का यह तर्क सही लगा । इसलिए, उन्होंने अब शुक्रवार, 21 जुलाई को बवाल को रिलीज़ करने का फैसला किया है । प्रमोशन जुलाई के पहले सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है ।”
बवाल का निर्देशन दंगल (2016) और छिछोरे (2019) फेम नितेश तिवारी द्वारा किया गया है और साजिद नाडियाडवाला के नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित है । बॉलीवुड हंगामा भी सबसे पहले यह खबर देने वाला था कि बवाल थिएटर में नहीं बल्कि डायरेक्ट ओटीटी प्लेटफ़ार्म पर, अमेज़ॅन प्राइम वीडियो पर रिलीज़ होगी । दिलचस्प बात यह है कि मूल रूप से यह फिल्म पहले सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली थी । रिलीज की तारीख भी 6 अक्टूबर तय की गई थी । सोमवार, 19 जून को निर्माताओं और अमेज़ॅन प्राइम वीडियो ने एक पोस्टर लॉन्च किया, जिससे यह कन्फर्म हो गया कि फिल्म वास्तव में सीधे ओटीटी पर प्रीमियर हो रही है ।
इस बीच, खबर आई कि, बवाल का प्रीमियर जुलाई के मध्य में फ्रांस के पेरिस में एफिल टॉवर में होगा । रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पेरिस की फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका है और इसलिए, फ्रांसीसी राजधानी में प्रीमियर आयोजित करने का निर्णय लिया गया ।
















