पद्मावत में ख़ूँख़ार विलेन बनने के बाद रणवीर सिंह ने रोहित शेट्टी की फ़िल्म सिंबा में सुपर कॉप बनकर लोगों का दिल जीता वहीं अब अभिनेता रोहित शेट्टी के कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा बनते हुए सर्कस में अपनी कॉमेडी से लोगों का मनोरंजन करने वाले हैं । सर्कस में रणवीर सिंह पहली बार डबल रोल में नज़र आएंगे । इस फ़िल्म में रणवीर के साथ वरुण शर्मा, जैकलीन फ़र्नाडिज और पूजा हेगड़े भी लीड रोल में नज़र आएंगी । इसी बीच रणवीर ने गोविंदा की एक कल्ट कॉमेडी फ़िल्म राजा बाबू का रीमेक करने की इच्छा जताई है ।

राजा बाबू का रीमेक करना चहाते हैं रणवीर सिंह
हाल ही में एक पोर्टल से बात करते हुए रणवीर ने बताया कि वो दिग्गज अभिनेता गोविंदा की कल्ट कॉमेडी फ़िल्में जुड़वा और राजा बाबू के बहुत बड़े फैन हैं । बातचीत के दौरान रणवीर ने कहा, “राजा बाबू के साथ जुड़वा मेरी एक और पसंदीदा फिल्म है । मैंने इन फिल्मों को सबसे ज्यादा बार देखा है । इन फिल्मों में क्या म्यूजिक है । वरुण धवन ये फिल्में करते रहते हैं यार और मैं उनसे कहता रहता हूं, कुछ भी करना राजा बाबू मत करना । मैं इसे करना चाहता हूं ।”
गोविंदा, करिश्मा कपूर, कादर खान और शक्ति कपूर स्टारर राजा बाबू को वरुण धवन के पिता को डेविड धवन ने डायरेक्ट किया था । साल 1994 में रिलीज हुई राजा बाबू सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी ।
बता दें कि, वरुण 90 के दशक की हिट फ़िल्मों में से एक कुली नंबर 1 और जुड़वा का रीमेक चुके हैं । और अब रणवीर ने राजा बाबू के रीमेक को करने की इच्छा जताई है ।
सर्कस की बात करें तो, रणवीर के अलावा इस फ़िल्म में वरुण शर्मा, जैकलीन फ़र्नाडिज, पूजा हेगड़े, सिद्धार्थ जाधव, जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, व्रजेश हिरजी, विजय पाटकर, सुलभा आर्य, मुकेश तिवारी, अनिल चरणजीत, अश्विनी कालसेकर और मुरली शर्मा जैसे किरदार नज़र आएंगे । गुलशन कुमार, भूषण कुमार की टी-सीरीज और रोहित शेट्टी द्दारा प्रोड्यूस सर्कस को रोहित शेट्टी ने ही डायरेक्ट किया है । यह फिल्म 23 दिसंबर 2022 को रिलीज होगी ।
















