भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के दिवंगत अभिनेता, निर्देशक और निर्माता राज कपूर का मुंबई में चेंबूर स्थित ऐतिहासिक बंगला बिक गया है । राज कपूर के इस बंगले को गोदरेज ग्रूप की रियल स्टेट आर्म, गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने ख़रीदा है । गोदरेज प्रॉपर्टीज का कहना है कि वह इस बंगले को एक लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करेगी । कंपनी ने एक रेग्युलेटरी फाइलिंग में कहा है कि यह जमीन राज कपूर के कानूनी वारिस कपूर परिवार से खरीदी गई थी ।


राज कपूर का ऐतिहासिक बंगला बिका
कहा जा रहा है की, 4,265.50 वर्ग मीटर क्षेत्र फल वाला राज कपूर का यह आइकोनिक बंगला गोदरेज ने कपूर परिवार से इसे 100 करोड़ रु देकर ख़रीदा है । ये बंगला देवनार फार्म रोड, चेंबूर, मुंबई में टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान (टीआईएसएस) के निकट स्थित है । कहा जा रहा है की, गोदरेज प्रॉपर्टीज अब इस बंगले को तोड़कर शानदार नए जमाने की रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट बनाने वाले हैं ।
बता दें कि इससे पहले, मई 2019 में, गोदरेज प्रॉपर्टीज ने प्रीमियम उपयोग वाली गोदरेज आरकेएस परियोजना विकसित करने के लिए कपूर परिवार से चेंबूर में आरके स्टूडियो को भी ख़रीदा था ।
गोदरेज के साथ बंगले की डील को लेकर राज कपूर के बड़े बेटे और बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर-करीना कपूर के पिता अभिनेता रणधीर कपूर ने कहा कि चेंबूर में यह आवासीय संपत्ति हमारे परिवार के लिए बहुत भावनात्मक और ऐतिहासिक महत्व रखती है. हम इस स्थान के विकास के अगले चरण के लिए इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए एक बार फिर गोदरेज प्रॉपर्टीज के साथ जुड़कर खुश हैं ।
















