वेब सीरिज स्कैम 1992 में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सभी का दिल जीतने के बाद प्रतीक गांधी एक बार फ़िर हंसल मेहता के साथ काम करने जा रहे हैं । प्रतीक गांधी की इस फ़िल्म को भूषण कुमार, शैलेश आर सिंह और हंसल मेहता मिलकर बनाएंगे । फ़िल्म का टाइटल अभी फ़ाइनल नहीं हुआ है । इस फ़िल्म में प्रतीक गांधी के अपोजिट खुशाली कुमार नजर आएंगी । उत्तर प्रदेश के एक छोटे से शहर पर आधारित, इस फ़ैमिली ड्रामा फ़िल्म को राजकुमार राव अभिनीत सीरीज़ ‘बॉस: डेड ऑर अलाइव’, के निर्देशक पुलकित के द्वारा निर्देशित किया जाएगा ।

स्कैम 1992 के बाद प्रतीक गांधी अब हंसल मेहता के साथ कर रहे हैं फ़ैमिली ड्रामा फ़िल्म, खुशाली कुमार के साथ बनी जोड़ी

प्रतीक गांधी और खुशाली कुमार की फ़ैमिली ड्रामा

पहली बार एक साथ काम करते हुए, खुशाली कुमार और प्रतीक गांधी ने हाल ही में मुंबई में अपना लुक टेस्ट और मौलिक तैयारी शुरू की । यह फॅमिली ड्रामा एक आम इंसान के सम्मानजनक संघर्ष की कहानी है, जिसमें प्रतीक मुख्य भूमिका में हैं और खुशाली उनके साथ सह-भूमिका में हैं ।

फिल्म के बारे में बताते हुए निर्माता भूषण कुमार ने कहा, “इस फिल्म की कहानी साधारण पर वास्तविकता से परिपूर्ण है। यह कहानी हमारे देश के हजारों लोगों को अपनी खुद की कहानी लगेगी। मैं बहुत खुश हूँ कि शैलेश, हँसल मेहता और मैं एक बार फिर इतने मजेदार विषय पर साथ में काम कर रहे हैं ।”

इस फिल्म के सह-निर्माता शैलेश आर सिंह ने कहा, “यह कहानी भारत के हजारों लोगों की समस्याओं पर प्रकाश डालती है। हमारे दर्शक कई मायनों में इस फिल्म से अपने आप को जोड़ पाएंगें। मैं भूषणजी और हंसलजी के साथ ऐसे विषय पर काम करके बहुत खुश हूँ, जो ऐसी कहानियां लाते हैं, जो दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ती हैं ।”

अंत में निर्देशक पुलकित ने कहा, “यह फिल्म मेरे लिए बहुत खास है और मेरे दिल के बहुत करीब है । यह एक आम आदमी के सम्मान की कहानी है जो अपनी जमीन वापस पाने के लिए संघर्ष करता है। यह कहानी एक सामान्य मध्यम वर्गीय परिवार के इर्दगिर्द घूमती है और यह सिस्टम, पॉवर और कानून के दुरुपयोग से संबंधित है ।”

टी-सीरीज़ और कर्मा मीडिया और एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, शैलेश आर सिंह और हंसल मेहता द्वारा निर्मित इस फिल्म की शूटिंग 18 अगस्त से शुरू होगी ।