पिछले कुछ दिनों से सलमान खान और पूजा हेगड़े स्टारर कभी ईद कभी दिवाली सुर्खियों में बनी हुई है । खबरों में कहा जा रहा है कि, कभी ईद कभी दिवाली को अब सलमान खान ही प्रोड्यूस करेंगे जबकि पहले इसे साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस करने वाले थे । इसके अलावा कहा यह भी जा रहा है कि सलमान कभी ईद कभी दिवाली को डायरेक्ट भी कर सकते हैं या फ़रहाद सामजी के साथ मिलकर को-डायरेक्ट भी कर सकते हैं ।

सलमान खान करेंगे डायरेक्ट
वहीं सलमान के करीबी सूत्र बताया है कि वह वास्तव में बहुत जल्द एक फिल्म का निर्देशन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं । “आपको क्या लगता है कि पिछले 4-5 वर्षों में उन्होंने जितनी फिल्में की हैं, उनमें से अधिकांश फ़िल्मों का निर्देशन कौन करता है ? भाई की सहमति के बिना एक भी फ्रेम फ़ाइनल स्टेज में नहीं पहुंचता है । वह लंबे समय से अपनी फिल्मों के हर एक फ्रेम की एडिटिंग पर बैठे हैं ।” सलमान के करीबी प्रोड्यूसर दोस्त ने खुलासा किया ।
इतना ही नहीं करीबी प्रोड्यूसर दोस्त ने यह भी बताया कि, बंद हुई फ़िल्म इंशाअल्लाह भी इसी का शिकार बनी थी क्योंकि सलमान उस फ़िल्म में भी अपनी निर्देशन स्किल दिखाना चाहते थे लेकिन संजय लीला भंसाली ऐसा नहीं चाहते थे इसलिए दोनों के बीच इसे लेकर मनमुटाव हो गया और फ़िल्म को बंद करना पड़ा ।
हमने सुना है कि, बिना क्रेडिट लिए अपनी फ़िल्मों को डायरेक्ट करने वाले सलमान कभी ईद कभी दिवाली को सीरियस तौर पर डायरेक्ट करने वाले हैं ।
















