29 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर की परम सुंदरी ने उम्मीद से बढ़कर ओपनिंग की है । हालांकि ट्रेड एक्सपर्ट्स ने रिलीज से पहले परम सुंदरी के ओपनिंग कलेक्शन करीब 6-7 करोड़ रू तक बताया था लेकिन फ़िल्म ने उम्मीद से बेहतर ओपनिंग की है । पॉजिटिव रिव्यूज और वर्ड ऑफ़ माउथ के चलते फ़िल्म अपने पहले वीकेंड को मजबूत करता दिख रही है ।

उम्मीद से बेहतर परम सुंदरी का ओपनिंग कलेक्शन
परम सुंदरी ने रिलीज़ के पहले ही दिन 7.37 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया । यानी अनुमानित रेंज से ज़्यादा । इसका मुख्य कारण यह रहा कि मिड-वीक तक औसत दिख रही एडवांस बुकिंग रिलीज़ के ठीक पहले मज़बूत हो गई और दर्शकों की ओर से उम्मीद से अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
परम सुंदरी एक हल्की फुल्की और एंटरटेनिंग फ़िल्म है, यही वजह है कि इसे यंगस्टर्स के साथ-साथ फैमिली ऑडियंस से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कुछ हफ़्ते पहले रिलीज़ हुई सैयारा ने धमाकेदार ओपनिंग ली थी और उसमें हाई-डोज़ ड्रामा के साथ नए चेहरे भी आकर्षण का कारण बने थे। वहीं, परम सुंदरी ज़्यादा फैमिली एंटरटेनर है, जिसमें रोमांस का तड़का है और साथ ही इसकी लागत भी नियंत्रित रखी गई है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर स्टारर इस फ़िल्म ने सेफ़ शुरुआत की है। अब अगर सामान्य ट्रेंडिंग जारी रही तो यह फ़िल्म प्रोड्यूसर्स के लिए फायदेमंद सौदा साबित होगा। अच्छी बात यह है कि मौजूदा समय में इसका कोई बड़ा कम्पटीशन नहीं है। ऐसे में उम्मीद है कि फ़िल्म दूसरे दिन डबल डिजिट में पहुंचेगी और वीकेंड पर और मज़बूती दिखाएगी।
इसके बाद वीकडेज़ का स्थिर प्रदर्शन इसे और आगे ले जाएगा और न्यूनतम स्तर पर भी फ़िल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 60 करोड़ रुपये से ऊपर रहने की उम्मीद है। यह आंकड़ा निर्देशक तुषार जलोटा की इस फ़िल्म के लिए एक कंफ़र्टेबल स्कोर माना जाएगा।
















