सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े हुए ऑरी (Orry) यानी ओरहान अवात्रामणि मुश्किल में फंस गए हैं । ऑरी और 7 अन्य लोगों के खिलाफ वैष्णो देवी के बेस कैंप कटरा में एक होटल में शराब पीने के आरोप में जम्मू एंड कश्मीर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है । क्योंकि, कानून के अनुसार, धार्मिक स्थल कटरा में शराब बेचना, रखना और पीना सख्त मना है ।

ऑरी के ख़िलाफ़ हुई FIR
ऑरी अपने 7 दोस्तों दर्शन सिंह, पार्थ रैना, रितिक सिंह, राशि दत्ता, रक्षिता भोगल, शगुन कोहली और अनास्तासिला अर्ज़ामास्कीना के साथ वैष्णो देवी मंदिर के पास कटरा के एक होटल में शराब पार्टी कर रहे थे । फिर जैसे ही यह बात पुलिस को पता चली तो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी लोगों पर एफआईआर दर्ज की है । अब इन सभी आठ लोगों के खिलाफ जम्मू और कश्मीर पुलिस ने एक्शन लेने की बात कही है।
इससे पहले ऑरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की थी जिसमें वह किसी होटल पर पार्टी करते नजर आ रहे हैं। उनकी इस फोटो में टेबल पर रखी शराब साफ नजर आ रही है इसी के साथ एक अन्य फोटो में ऑरी भी सोफ़े पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। ऑरी ने एक अन्य स्टोरी में मां वैष्णो देवी कटरा को भी टैग किया है। इस घटना के बाद से ऑरी को लगातर ट्रोल भी किया जा रहा है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक ऑरी का कोई रिएक्शन नहीं आया है । 15 मार्च को ऑरी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था ।
वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने बयान में बताया कि इन सभी 8 लोगों के खिलाफ ‘देश के कानून का उल्लंघन करने’ के लिए FIR दर्ज की गई है । साथ ही एक टीम का गठन किया गया है जो ‘लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने’ के लिए उन्हें गिरफ्तार करेगी ।
















