कैटरीना कैफ और साउथ स्टार विजय सेतुपति स्टारर श्रीराम राघवन निर्देशित फ़िल्म मैरी क्रिसमस लगातार चर्चा में बनी हुई है । हाल ही में मेकर्स ने फ़िल्म के पोस्टर्स को शेयर कर फ़िल्म की रिलीज़ डेट अनाउंस की थी । दो भाषाओं, तमिल और हिंदी में शूट हुई मैरी क्रिसमस 15 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है । इसी बीच बॉलीवुड हंगामा को कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति की मैरी क्रिसमस की कमाई के बारें में एक्सक्लूसिव अपडेट मिली है । हमें पता चला है कि, मेकर्स ने नेटफ्लिक्स के साथ मैरी क्रिसमस के हिंदी और तमिल वर्जन के डिजिटल राइट्स के लिए करोड़ों रू की डील की है ।

नेटफ्लिक्स ने 60 करोड़ रु में ख़रीदे कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति की सस्पेंस-थ्रिलर मैरी क्रिसमस के डिजिटल राइट्स

नेटफ्लिक्स ने ख़रीदे मैरी क्रिसमस के डिजिटल राइट्स

इस खबर को कन्फर्म करते हुए एक ट्रेड सूत्र ने हमें बताया, “हां, नेटफ्लिक्स ने 60 करोड़ रु से ऊपर की कीमत चुकाई है । मैरी क्रिसमस के डिजिटल अधिकार हासिल करने के लिए 60 करोड़ रु. यह एक अच्छी रकम है क्योंकि फिल्म डायरेक्ट टू ओटीटी रिलीज नहीं है । इसके बजाय, यह पहली बार 15 दिसंबर, 2023 को स्क्रीन पर रिलीज होगी और इसके आठ सप्ताह बाद इसकी ओटीटी रिलीज होगी । हालांकि यह सौदा निश्चित रूप से मैरी क्रिसमस और इसके निर्माताओं के लिए अच्छा रहा है, लेकिन सवाल यह है कि इतनी बड़ी रकम क्यों ? इस ओटीटी डील के अलावा, फ़िल्म के सैटेलाइट राइट्स को लेकर भी मार्केट में काफ़ी चर्चा है । हालाँकि सैटेलाइट राइट्स अभी तक बेचे नहीं गए हैं लेकिन माना जा रहा है कि जब डिजिटल राइट्स के लिए इतनी बड़ी रक़म मिल सकती है तो सैटेलाइट राइट्स भी कम क़ीमत पर नहीं बेचे जाएँगे ।

फिल्म, मैरी क्रिसमस के हिंदी संस्करण में जहां कैटरीना और विजय सेतुपति के साथ संजय कपूर, विनय पाठक, प्रतिमा कन्नन और टीनू आनंद भी अहम रोल में नज़र आने वाले हैं । वहीं तमिल संस्करण में सपोर्टिंग एक्टर्स के रूप में राधिका सरथकुमार, शनमुगराजा, केविन जय बाबू और राजेश विलियम्स नज़र आएँगे । फिल्म में एक बाल कलाकार परी को भी पेश किया जाएगा । साथ ही, अश्विनी कालसेकर और राधिका आप्टे रोमांचक कैमियो में हैं ।

हालाँकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी ऐसा लगता है कि मैरी क्रिसमस पहले से ही इसके निर्माताओं के लिए अत्यधिक लाभदायक साबित होने लगी है । जहां तक फिल्म की बात है, मैरी क्रिसमस श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित है और इसमें कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति मुख्य किरदार में होंगे । यह फिल्म 15 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।