नेटफ्लिक्स पर 8 मार्च को रिलीज हुई फ़िल्म वेब सीरिज विवादों में घिर गई है । बॉम्बे बेगम्स में बच्चों का अनुचित तरीके चित्रण किया गया है जिसकी वजह से राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स -NCPCR) ने इस वेब सीरीज की स्ट्रीमिंग को रोकने की मांग की है । NCPCR ने बॉम्बे बेगम्स की स्ट्रीमिंग को रोकने के लिए नेटफ्लिक्स को नोटिस भी भेजा है, आयोग का कहना है कि ऐसा नहीं करने पर वह उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए मजबूर होंगे ।

राष्ट्रीय बाल आयोग ने उठाई पूजा भट्ट की वेब सीरिज बॉम्बे बेगम्स पर रोक लगाने की मांग, नेटफ्लिक्स को भेजा नोटिस

बॉम्बे बेगम्स की स्ट्रीमिंग पर NCPCR को आपत्ति

आयोग ने अपने नोटिस में कहा, “नेटफ्लिक्स को बच्चों के संबंध में या बच्चों के लिए किसी भी सामग्री को स्ट्रीम करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए । आपको इस मामले को देखने के लिए आदेश दिया जाता है और तुरंत इस सीरीज की स्ट्रीमिंग रोक दी जाए और 24 घंटों के भीतर एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए । अगर ऐसा नहीं होता है, तो आयोग को सीपीसीआर अधिनियम, 2005 की धारा 14 के प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई के लिए बाध्य किया जाएगा ।”

आयोग ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इस सीरीज में नाबालिगों का कैजुअल सेक्स और मादक पदार्थों का सेवन दिखाया गया है जो कि अनुचित है । बाल आयोग को शिकायत मिली है कि इसमें 13 साल की बच्ची को ड्रग्स लेते दिखाया गया है । इसके साथ ही स्कूली बच्चों का जिस तरह चित्रण किया गया है उस पर भी आपत्ति जताई है ।

‘बच्चों का अनुचित चित्रण’ कहना काफ़ी अस्पष्ट है

हालांकि NCPCR की इस शिकायत पर नेटफ्लिक्स की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है । लेकिन बॉम्बे बेगम्स के एक कलाकार ने मुझे बताया कि, “इसमें ‘बच्चों का अनुचित चित्रण’ कहना काफ़ी अस्पष्ट है । क्या आयोग को इस बात की जानकारी है कि रेव पार्टी में नियमित रूप से भाग लेने वाले टीनेजर्स वहां क्या-क्या करते हैं ? हमें किसी पर उंगली उठाने से पहले उन समस्याओं को हल करना चाहिए । और उन समस्याओं को दूर करने के लिए हमें पहले उन्हें स्क्रीन पर दिखाना चाहिए । राइट ? ऐसे शो मत करो की ये समस्याएं समाज में मौजूद ही नहीं है ।”

सीरिज में यह कहीं भी नहीं है कि यह पार्टियों में ड्रग्स लेने वाले बच्चों को सपोर्ट करता है । दरअसल, NCPCR ने ट्विटर पर जो पढ़ा उस पर ही एक्शन ले लिया ।

डायरेक्टर अलंकृता श्रीवास्तव की वेब सीरीज बॉम्बे बेगम में पांच अलग महिलाओं की कहानी दिखाई गई है । इस बेब सीरीज से पूजा भट्ट ने अपना कमबैक किया है । वेब सीरीज में पूजा भट्ट के अलावा सुहाना गोस्वामी, अमृता सुभाष, प्लाबिता बोर-ठाकुर, आध्या आनंद महत्वपूर्ण भूमिका में हैं ।