
किसी भी रोल में फ़िट होने वाले अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने किक, बदलापुर और कई फ़िल्मों मे ग्रे शेड के साथ जटिल किरदार निभा कर अनेकों दिल जीते हैं और अब उन्होंने सब्बीर खान की आगामी रोमांटिक म्यूजिकल फ़िल्म मुन्ना माइकल में भी कुछ इस तरह का ही रोल साइन किया है । इस फ़िल्म में नवाज ग्रे किरदार में नजर आएंगे इसी के साथ ये फ़िल्म उनके डांसिंग अवतार को भी पेश करेगी ।
मुन्ना माइकल ऐसे युवक की कहानी है जो मुंबई के तीन बत्ती इलाकों में रहता है और माइकल जैक्सन बनने का सपना देखता है । इस फ़िल्म में टाइगर श्रॉफ़ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । निर्माता विकी रजनानी के मुताबिक इस फ़िल्म में ये किरदार पूरी तरह नवाज के लिए योग्य है और वहीं दूसरी तरफ़ नवाज भी इस फ़िल्म से जुड़कर काफ़ी उत्साहित हैं साथ ही नवाज ने फ़िल्म की स्क्रिप्ट की भी खूब तारीफ़ की । गौरतलब है की नवाज टाइगर के साथ पहली बार स्क्रीन स्पेस शेयर करेंगे । फ़िल्म के निर्देशक सब्बीर खान ने नवाज के अभिनय कौशल की जमकर तारीफ़ की साथ ही कहा कि दर्शक इस फ़िल्म में नवाज को डांस करते हुए भी देखेंगे । नवाज ने वैसे तो फ़िल्मी पर्दे पर कई तरह के किरदार निभाए हैं लेकिन कभी डांस नहीं किया, जो इस फ़िल्म में वे करेंगे ।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म जैसे सोहेल खान की फ़िल्म अली और कुशन नंदी की काफ़ी समय से अटकी फ़िल्म बाबूमोशाय बंदूकबाज की तैयारियों में जुटे हुए हैं ।
















