प्रशांत नील द्दारा निर्देशित यश स्टारर केजीएफ - चैप्टर 2 ने अपने बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन से इतिहास रच दिया है । सबसे तेजी से 100 करोड़ और 200 करोड़ करने वाली केजीएफ - चैप्टर 2 ने कमाई के मामले में अन्य ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों को भी पछाड़ दिया है । ओपनिंग वीकेंड पर 193.99 करोड़ कमाने वाली केजीएफ - चैप्टर 2 ने अपनी रिलीज के सातवें दिन 16.35 करोड़ रुपये की कमाई कर 250 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है ।

KGF – Chapter 2 Box Office: रिलीज के 7वें दिन 250 करोड़ का आंकड़ा पार कर केजीएफ - चैप्टर 2 ने बाहुबली 2, दंगल और टाइगर जिंदा है को पीछे छोड़ा

केजीएफ - चैप्टर 2 की रिकॉर्ड सफ़लता

केजीएफ - चैप्टर 2 अब तक कुल 255.05 करोड़ रु की कमाई कर चुकी है । महज 7 दिनों में 250 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली केजीएफ़ 2 ने एसएस राजामौली निर्देशित बाहुबली 2 - द कन्क्लूजन को भी पीछे छोड़ दिया है । बाहुबली 2 ने रिलीज के 8वें दिन 266.75 करोड़ रु की कमाई कर सबसे जल्दी इस शिखर पर पहुंचने वाली फ़िल्म बनी थी लेकिन अब केजीएफ़ 2 ने इसे पीछे छोड़ दिया है ।

इतना ही नहीं केजीएफ़ 2 ने आमिर खान की दंगल, जिसने 10 दिनों में 271.24 करोड़ रु कमाए, रणबीर कपूर की संजू, जिसने 10 दिनों में 265.66 करोड़ रु कमाए, , और सलमान खान की टाइगर जिंदा है, जिसने 10 दिनों में 254.75 करोड़ रु कमाए, को भी पीछे छोड़ दिया है ।

रिलीज से लेकर अब तक केजीएफ़ 2 सिनेमाघरों में अपनी कमाई से धूम मचा रही है । लेकिन इस हफ़्ते सिनेमाघरों में शाहिद कपूर की जर्सी रिलीज होगी जिसके साथ फ़िल्म को बॉक्स ऑफ़िस मुकाबला करना होगा । वहीं ट्रेड एक्सपर्ट उम्मीद जता रहे हैं कि केजीएफ़ 2 अपने दूसरे वीकेंड तक आसानी से 300 करोड़ का आंकड़ा छूने में कामयाब होगी ।

सबसे तेजी से 250 करोड़ का आंकड़ा छूने वाली टॉप-5 फ़िल्म-

केजीएफ - चैप्टर 2 - 255.05 करोड़ - 7 दिन

बाहुबली 2 - द कन्क्लूजन - 266.75 करोड़ - 8 दिन

दंगल - 271.24 करोड़ - 10 दिन

संजू - 265.66 करोड़ - 10 दिन

टाइगर जिंदा है - 254.75 करोड़ - 10 दिन