बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर बिजनेसमैन संजय कपूर से तलाक के बाद से अपने दोनों बच्चों कियान राज कपूर और बेटी समायरा कपूर की परवरिश अकेले कर रही हैं । लेकिन जब करिश्मा के बच्चों के पिता संजय कपूर का कुछ दिनों पहले निधन हो गया था दोनों पिता के निधन से बुरी तरह टूट गए थे । इसी बीच करिश्मा कपूर के एक्स-हसबैंड संजय कपूर की मौत के बाद उनकी 30 हजार करोड़ की संपत्ति पर विवाद शुरू हो गया है । पहले संजय की मां और बहन ने उनकी तीसरी पत्नी प्रिया कपूर पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे । और अब करिश्मा कपूर के बच्चों- समायरा और किआन ने भी वसीयत के गलत होने का दावा करते हुए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है ।

पिता की करोड़ों की संपत्ति के लिए कोर्ट पहुँचे करिश्मा कपूर के बच्चे
संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की संपत्ति को लेकर करिश्मा के दोनों बच्चों ने अपने पिता की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है और संपत्ति में अपनी हिस्सेदारी मांगी है । उनका कहना है कि 21 मार्च 2025 की जो वसीयत दिखाई जा रही है, वह नकली और फर्जी है । उनका आरोप है कि प्रिया कपूर ने उनके पिता की वसीयत में धोखाधड़ी की है और पूरी संपत्ति पर अपना कंट्रोल करने की कोशिश की है ।
करिश्मा कपूर और प्रिया कपूर के एक्स हस्बैंड संजय कपूर बेहद रईस बिजनेसमैन थे । वो अपने पीछे 30 हजार करोड़ रुपये का साम्राज्य छोड़कर गए हैं । हालांकि अब इसके बंटवारे को लेकर करिश्मा के बच्चे और प्रिया कपूर के बीच खींचतान चल रही है । कियान और समायरा का आरोप है कि प्रिया उन्हें अपने पिता की संपत्ति से गलत तरीके से बेदखल करना चाहती हैं ।
अपनी मां के माध्यम से दायर याचिका में बच्चों ने कहा कि जून 2025 में यूके में संजय कपूर के अचानक निधन के बाद, प्रिया कपूर ने उन्हें गलत तरीके से संपत्ति से बाहर रखा। याचिका में प्रिया कपूर और उनके छोटे बेटे, संजय कपूर की मां रानी कपूर और वसीयत की कथित निष्पादक श्रद्धा सूरी मरवाह को आरोपी बनाया गया है। इस याचिका सुनवाई 10 सितंबर को होगी। विवाद का केंद्र 21 मार्च 2025 की वसीयत है, जिसमें कथित तौर पर संजय कपूर की पूरी संपत्ति प्रिया कपूर को दी गई ।
बच्चों ने दावा किया कि प्रिया कपूर ने दो सहयोगियों, दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा के साथ मिलकर वसीयत को सात हफ्ते तक छिपाया और 30 जुलाई 2025 को फैमिली मीटिंग में पेश किया। याचिका में कहा गया है कि यह वसीयत नकली और बनाई गई है। दावा किया गया कि वसीयत के असली डाक्यूमेंट्स या कोई कॉपी उन्हें नहीं दिखाए गए हैं।
बच्चों के वकील ने कहा कि प्रिया कपूर की हरकतें इस बात का संकेत हैं कि वह पूरी संपत्ति पर कब्जा करना चाहती हैं और अन्य कानूनी वारिसों को बाहर रखना चाहती हैं । संजय कपूर की सभी संपत्तियां फ्रीज करने की मांग की गई । बच्चों ने कोर्ट से आग्रह किया है कि उन्हें क्लास I लीगल हीर यानी कानूनी उत्तराधिकारी घोषित किया जाए और पिता की संपत्ति में प्रत्येक को एक-पांचवां हिस्सा मिले ।
हाल ही में संजय की बहन मंधीरा कपूर ने भी प्रिया पर आरोप लगाया था कि जब उनका परिवार दुख की घड़ी में था उस वक्त प्रिया द्वारा उनकी मां को बंद दरवाजों के पीछे कागजों पर साइन करने के लिए मजबूर किया गया था । उनके मुताबिक ऐसा दो बार करवाया गया था । मंधीरा ने आगे कहा था कि मेरी मां ने मुझे बताया था कि मुझे नहीं पता कि मैंने किन कागजों पर साइन किए हैं । हालांकि मंधीरा और उनकी मां को अब तक कोई जवाब नहीं मिला है ।
















