बॉलीवुड में कई चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं करने के बाद अब कंगना रनौत हॉलीवुड में एंट्री लेने जा रही हैं । कंगना हॉरर ड्रामा के साथ अपना हॉलीवुड डेब्यू करेंगी । कंगना जल्द ही एक साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म ब्लेस्ड बी द एविल में लीड रोल निभाते नजर आएंगी ।

कंगना रनौत बॉलीवुड के बाद अब हॉलीवुड में लेंगी एंट्री ; हॉरर ड्रामा ब्लेस्ड बी द एविल से करेंगी अपना डेब्यू

कंगना रनौत का हॉलीवुड डेब्यू

साइकोलॉजिकल हॉरर हॉलिवुड फिल्म Blessed Be the Evil में कंगना के साथ टीन वुल्फ फेम टायलर पोसी और हॉलीवुड दिग्गज सिल्वेस्टर स्टेलोन की बेटी स्कारलेट रोज स्टेलोन भी नजर आएंगी । ऐसा पहली बार है जब कंगना किसी इंटरनेशनल प्रोजेक्ट में नजर आएंगी ।

वैराइटी की रिपोर्ट के अनुसार, इस हॉरर ड्रामा की शूटिंग गर्मियों में न्यूयॉर्क सिटी में शुरू की जाएगी । निर्माताओं ने अमेरिकी लोकेशन को इसलिए चुना है ताकि हाल ही में अमेरिका में घोषित ‘ट्रंप इंडस्ट्री टैरिफ’ से संबंधित किसी तरह की अनिश्चितताओं से बचा जा सके । फिल्म ‘ब्लेस्ड बी द एविल’ की कहानी एक ईसाई दंपत्ति के इर्द-गिर्द घूमती है जो गर्भपात के दुख से उबरने की कोशिश में एक नई जिंदगी शुरू करना चाहते हैं. इसके लिए वे एक ऐसा खेत खरीदते हैं जिसका अतीत रहस्यमय और भयावह होता है । जल्द ही उनका सामना एक दुष्ट शक्ति से होता है जो उनकी जिंदगी को बदल कर रख देती है ।

इस फिल्म का निर्देशन अनुराग रुद्र कर रहे हैं, जिन्होंने इसकी पटकथा भी लिखी है । स्क्रिप्ट उन्होंने गाथा तिवारी के साथ मिलकर तैयार की है, जो लायंस मूवीज की संस्थापक भी हैं ।

कंगना रनौत की तरफ़ से हालांकि अभी इस बारें में कोई ऑफ़िशियल बयान नहीं आया है ।

कंगना की पिछली फ़िल्म इमरजेंसी थी जिसमें उन्होंने भारत की पहली महिला दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई थी । यह फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई ।