करण जौहर के ‘स्टूडेंट’ वरुण धवन एक बार फिर दूल्हा बनने की तैयारी कर रहे हैं । बॉलीवुड हंगामा ने सबसे पहले इस खबर को ब्रेक करते हुए हाल ही में बताया था कि, करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस अपनी हिट दुल्हनीय फ़्रेंचाइज़ी को आगे बढ़ाते हुए इसकी तीसरी किस्त, यानी दुल्हनिया 3 बनाने वाले हैं । बॉलीवुड हंगामा ने ये भी बताया था कि, हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया और बद्रीनाथ की दुल्हनिया से दर्शकों का दिल जीतने वाले वरुण धवन दुल्हनिया 3 में भी दूल्हा बनने वाले हैं । जहां मेकर्स ने दुल्हा के रूप में वरुण धवन को फिर से फ़ाइनल कर लिया था वहीं आलिया भट्ट की जगह फ़िल्म में एक नई दुल्हनिया को लॉंच करने की तैयारी की जा रही थी । इसी बीच खबर आई कि दुल्हनिया 3 में मेकर्स आलिया भट्ट की जगह जाह्नवी कपूर को कास्ट करने का फ़ैसला कर चुके हैं । और अब इसी खबर पर प्रोड्यूसर करण जौहर ने चुप्पी तोड़ी है ।

दुल्हनिया 3 में नहीं है जाह्नवी कपूर
पीपिंगमून की खबर के मुताबिक, जान्हवी कपूर करण जौहर की दुल्हनिया फ्रेंचाइजी की नई दुल्हनिया होंगी । रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि, आलिया भट्ट ने डेट्स इश्यू के चलते इस फ़िल्म से इंकार कर दिया है ।
और अब धर्मा प्रोडक्शंस के करण जौहर ने इन दावों का खंडन करते हुए क्लीयर किया कि ये केवल अनुमान हैं और झूठ हैं । अपने इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा, “हर सुबह मैं ऐसी खबरें देखता हूं, जिनकी धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है...मीडिया के सदस्यों से अनुरोध करूंगा कि कृपया किसी फ्रेंचाइजी की निरंतरता या किसी की शुरुआत के बारे में अनुमान न लगाएं ! समय और योजनाएं बनने और फाइनल होने पर हम विवरण देंगे ! हम अपनी भविष्य की फिल्मों को लेकर दिखाए गए उत्साह से अभिभूत हैं, लेकिन अटकलों के बजाय सटीकता को पसंद करेंगे... आदरपूर्वक, करण जौहर ।”

“वरुण, शशांक और करण जौहर ने दुल्हनिया 3 के लिए कई विचारों पर चर्चा की है और आखिरकार एक पर फैसला कर लिया है । फिल्म 2024 के अंत में फ्लोर पर जाने के लिए पूरी तरह तैयार है और निर्माताओं ने वरुण की दुल्हनिया का किरदार निभाने के लिए एक नई अभिनेत्री की तलाश शुरू कर दी है । करण और वरुण नई दुल्हनिया के साथ बॉलीवुड में एक नया चेहरा लॉन्च करने की प्लानिंग कर रहे हैं ।” एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिवली बताया ।
















