इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड पर अब फ़िल्म बनने जा रही है । इस फ़िल्म का नाम हनीमून इन शिलांग रखा गया है । राजा रघुवंशी के परिजनों ने मुंबई के एक फिल्म डायरेक्टर एसपी निंबायत को इसकी अनुमति दे दी है । इसकी घोषणा के लिए रघुवंशी के घरवालों ने अपने निवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया था । डायरेक्शन और शूटिंग का अधिकांश काम इंदौर में ही होगा ।

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड पर बनेगी फ़िल्म, नाम होगा हनीमून इन शिलांग ; विश्वासघात पर रहेगा फोकस

सोनम रघुवंशी पर बनेगी फ़िल्म

डायरेक्टर और प्रोडक्शन टीम मंगलवार को राजा रघुवंशी के घर पहुंची और परिवार से लंबी बातचीत की। भाई विपिन रघुवंशी के साथ सभी प्रमुख घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान कहानी को अंतिम रूप दिया गया ।

इस फिल्म में राजा रघुवंशी के बचपन से लेकर हनीमून और मर्डर तक की कहानी होगी । फ़िल्म की स्क्रिप्ट फाइनल स्टेज में पहुंच चुकी है। फिल्म का 80 प्रतिशत हिस्सा इंदौर में और शेष शिलांग (मेघालय) में शूट किया जाएगा । डायरेक्टर एसपी निंबायत ने इससे पहले कबड्डी और लौट आओ पापा फिल्म बना चुके हैं ।

डायरेक्टर एसपी निंबायत का कहना है कि फिल्म का मकसद सच्चाई को सामने लाना है। निर्देशक ने कहा, “राजा रघुवंशी को अपनी शादी के बाद बहुत बड़ा विश्वासघात झेलना पड़ा था । हम अपनी फिल्म के जरिये जनता को संदेश देना चाहते हैं कि विश्वासघात की ऐसी घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए ।”

उन्होंने फिल्म के अभिनेताओं के नामों का खुलासा किए बगैर कहा, “हमारी फिल्म की पटकथा तैयार है । इसकी 80 प्रतिशत शूटिंग इंदौर और 20 प्रतिशत शूटिंग मेघालय के अलग-अलग इलाकों में होगी ।”

इसी के साथ उन्होंने कहा कि सोनम के परिवार से उनका कोई संबंध नहीं है और फिल्म पूरी तरह राजा की जिंदगी और इस दर्दनाक हनीमून मर्डर मिस्ट्री पर केंद्रित होगी । फिल्म में कौन-कौन से कलाकार नजर आएंगे, इसकी जानकारी फिलहाल गुप्त रखी गई है, लेकिन जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा हो सकती है ।

राजा रघुवंशी की हत्या का मामला फिलहाल कोर्ट में है । इस केस में आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें से तीन को जमानत मिल गई है ।

गौरतलब है कि राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में धूमधाम से हुई थी। शादी के महज नौ दिन बाद 20 मई को दोनों हनीमून के लिए शिलॉन्ग रवाना हुए। 23 मई को दोनों लापता हो गए और फिर 2 जून को राजा का शव वीसॉडॉन्ग फॉल्स से बरामद हुआ। गले पर गहरे चोट के निशान मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मौत सामान्य नहीं थी । जांच में सामने आया कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी।  मामले में पत्नी सोनम और उसके प्रेमी राज सहित आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है जिसमें से तीन आरोपी जमानत पर बाहर है ।