
हम सभी जानते हैं कि ऐश्वर्या राय बच्चन ने करण जौहर की रोमांटिक ड्रामा फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल में एक कामुक कवयित्री की भूमिका निभाई थी । ऐश्वर्या फ़िल्म में रणबीर कपूर का लव इंटरेस्ट थी और दोनों के बीच कई इंटीमेट सीन भी फ़िल्माए गए । इससे पहले भी ऐश कई साल पहले भी धूम 2 में बोल्ड अवतार में नजर आईं थी ।
फ़िल्म में ऐश के बोल्ड सीन के चलते खबरों का बाजार गर्म था कि बच्चन परिवार बहुत रूढ़िवादी हैं और वह नहीं चाहता कि ऐश का इंटीमेट सीन फ़िल्म में दिखाया जाए । लेकिन इन तमाम खबरों का बच्चन परिवार ने कभी भी खंडन नहीं किया लेकिन अभिषेक बच्चन ने हाल हि में अपनी पत्नी ऐश के रोल की तारीफ़ की थी । और अब ऐश के काम की तारीफ़ करने की ट्रेन में सवार हुए हैं बच्चन परिवार के मुखिया यानी अमिताभ बच्चन ।
कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2016 के उद्घाटन के अवसर पर, अमिताभ बच्चन ने बदलते सिनेमा पर बात करते हुए कहा कि, फ़िल्मों में सशक्त महिला किरदारों, जो कि देश में महिलाओं की सामाजिक प्रगति व अधिकारों से संबधित है, को दर्शाने से सिनेमा बदल रहा है । इसी के साथ अमिताभ ने कहा कि ऐ दिल है मुश्किल में ऐश के सबा किरदार ने पुरुषों का पासा ही पलट कर रख दिया है ।
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन इन दिनों राम गोपाल वर्मा की आगामी फ़िल्म सरकार 3 की शूटिंग कर रहे हैं ।
















