बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने गणेश चतुर्थी के मौके पर एक साथ आकर सभी तलाक़ की ख़बरों पर विराम लगा दिया है । हाल ही ऐसी खबरें आई थीं कि सुनीता ने पति गोविंदा पर कई महिलाओं संग संबंध होने का आरोप लगाते हुए बांद्रा फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की है । हालांकि, गोविंदा के वकील ने इसका खंडन किया था और कहा था कि गणेश चतुर्थी पर दोनों साथ आएंगे और पूरा परिवार साथ सेलिब्रेट करेगा ।

गोविंदा और सुनीता आहूजा ने तलाक की खबरों को झूठा साबित किया
पिछले काफ़ी वक्त से गोविंदा और सुनीता की तलाक़ की ख़बरें चल रही थी जिसे अब दोनों ने गणपति उत्सव में साथ आकर अपने तलाक की खबरों को झूठा साबित कर दिया है । बुधवार को गणेश चतुर्थी के खास मौके पर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता साथ में मीडिया के सामने आए । इस मौके पर दोनों ने सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं । साथ ही अपने बच्चों टीना और यश के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगा ।

इस दौरान जब कपल से तलाक की खबरों पर पूछा, तो सुनीता ने तपाक से कहा, “कॉन्ट्रोवर्सी सुनने आए हो या गणपति दर्शन करने ? कोई कॉन्ट्रोवर्सी नहीं है ।”
फिर बाद में मीडिया पर निशाना साधते हुए सुनीता ने कहा, “अगर हम दोनों अलग होते तो क्या आज साथ नजर आते ? हमें कोई अलग नहीं कर सकता । भगवान भी नहीं, शैतानी भी नहीं । वो डायलॉग है ना, ‘मेरा पति सिर्फ मेरा है’, तो मेरा गोविंदा सिर्फ मेरा है। जब तक हमारे मुंह से कुछ ना बोला जाए किसी भी बात पर विश्वास मत करिए ।”
वहीं गोविंदा ने गणेश चतुर्थी के मौके पर मीडिया से बात करते हुए कहा, “इससे ज्यादा खास और कुछ नहीं हो सकता । जब भगवान गणेश का आशीर्वाद मिलता है तो परिवार की सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं और दुख मिट जाते हैं । हम प्रार्थना करते हैं कि हम सभी मिल-जुलकर शांति से जीवन बिताएं । हम सब यूं ही साथ बने रहे ।”
गोविंदा और सुनीता आहूजा ने इस मौके पर मैचिंग आउटफिट भी पहने । जहां सुनीता महरून साड़ी में नजर आईं वहीं गोविंदा भी इसी रंग का कुर्ता पहने नजर आए ।
















