हिंदी सिनेमा को हेरा फेरी, वेलकम जैसी कल्ट कॉमेडी फ़िल्में देने वाले प्रोड्यूसर फिरोज़ नाडियाडवाला ने अब अपना एक नया यूनिवर्स अनाउंस किया है । कॉप, हॉरर और स्पाई यूनिवर्स के इस ट्रेंड में अब फिरोज़ नाडियाडवाला लेकर आ रहे हैं- फैमिली यूनिवर्स जिसमें दर्शकों को हेरा फेरी, वेलकम जैसी उनकी कई हिट फ़िल्मों के सीक्वल और प्रीक्वल देखने को मिलेंगे ।

फिरोज़ नाडियाडवाला ने अनाउंस किया अपना फैमिली यूनिवर्स ; हेरा फेरी, वेलकम के सीक्वल-प्रीक्वल और कई क्लीन कॉमेडी एंटरटेनर होंगी इस यूनिवर्स में शामिल

हेरा फेरी 3, वेलकम 3 के साथ आएगा फैमिली यूनिवर्स

मिड-डे से बातचीत में नाडियाडवाला ने कहा, “आजकल कॉप, हॉरर और स्पाई यूनिवर्स तो ट्रेंड में है ही, लेकिन हमने सालों की मेहनत से फैमिली ऑडियंस के लिए हर जॉनर का यूनिवर्स बनाया है और जिसका नाम है, फैमिली यूनिवर्स’। अब इस फैमिली यूनिवर्स में आन : मेन एट वर्क (2004), आवारा पागल दीवाना, दीवाने हुए पागल (2005) की सीक्वल्स और प्रीक्वल्स बनाई जाएंगी । साथ ही वेलकम और हेरा फेरी फ्रेंचाइज़ी के नए एडिशन भी शामिल होंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “इसके अलावा नई फिल्में भी बनेंगी। सारी फिल्में क्लीन और ग्रैंड स्केल पर होंगी। इसी वजह से इसे ‘फैमिली यूनिवर्स’ नाम दिया गया है। इसमें पुराने और नए एक्टर्स दोनों होंगे और क्रॉसओवर कैरेक्टर्स के ज़रिए सबको जोड़ा जाएगा।”

नेटफ्लिक्स को भेजा कानूनी नोटिस

दिलचस्प बात यह है कि यह घोषणा ऐसे वक्त पर आई है, जब कुछ दिनों पहले ही नाडियाडवाला ने नेटफ्लिक्स को कानूनी नोटिस भेजा था। आरोप है कि ओटीटी दिग्गज ने उनकी फिल्म हेरा फेरी के आइकॉनिक कैरेक्टर बाबूराव गणपत राव आप्टे (परेश रावल द्वारा निभाया गया) का अनधिकृत इस्तेमाल किया।

नाडियाडवाला की ओर से अधिवक्ता सना रहीस खान ने बयान जारी कर कहा, “बौद्धिक संपदा कोई उधार ली जाने वाली चीज़ नहीं, बल्कि रचनात्मकता की जान है। मेरे क्लाइंट के आइकॉनिक कैरेक्टर का अनधिकृत उपयोग सिर्फ उल्लंघन नहीं, बल्कि ओपन चोरी है। कानून ऐसे अधिकारों की रक्षा करता है और उनके हनन की अनुमति नहीं देगा।”

हालाँकि, नेटफ्लिक्स विवाद पर नाडियाडवाला ने खुद कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है। लेकिन यह कदम उनके इरादों को स्पष्ट करता है कि वे अपनी फ्रेंचाइज़ी की लेगेसी को किसी भी हाल में बचाए रखना चाहते हैं।

हेरा फेरी (2000) और फिर हेरा फेरी (2006) अब भी दर्शकों के बीच कल्ट क्लासिक मानी जाती हैं। परेश रावल का बाबूराव, अक्षय कुमार का राजू और सुनील शेट्टी का श्याम किरदार, यह तिकड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे प्रिय कॉमिक जोड़ियों में गिनी जाती है।