26 साल बाद बन रही सनी देओल की कल्ट क्लासिक फ़िल्म बॉर्डर (1997) के सीक्वल को लेकर बहुत एक्साइटमेंट है । बॉर्डर 2 में एक बार फिर सनी देओल आर्मी ऑफ़िसर के किरदार में नज़र आने वाले हैं । जहां बॉर्डर 2 की बाक़ी की स्टार कास्ट को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही थी वहीं अब बॉलीवुड हंगामा को बॉर्डर 2 के नए एडिशन की एक्सक्लूसिव अपडेट पता चली है । हमारे सूत्रों ने कन्फर्म किया है कि बॉर्डर 2 में मेकर्स ने वरुण धवन को अहम रोल के लिए कास्ट किया है ।

बॉर्डर 2 में सनी देओल के साथ वरुण धवन
बॉलीवुड हंगामा के क़रीबी सूत्रों ने कन्फर्म किया है कि, “बॉर्डर 2 के निर्माताओं भूषण कुमार और जेपी दत्ता की बॉर्डर 2 में सनी देओल के साथ वरुण धवन को साइन किया है । बॉर्डर 2 में वरुण धवन सनी देओल के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे । इस दमदार कास्टिंग के साथ फिल्म निश्चित रूप से प्रत्याशा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी ।”
सूत्र ने आगे बताया, “निर्माताओं ने फिल्म में एक प्रमुख भूमिका के लिए वरुण को चुना है । यह फिल्म उनके करियर में एक बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है, क्योंकि बॉर्डर 2 दर्शकों के बीच एक खास जगह रखती है । फ़िल्म की कास्टिंग निश्चित रूप से फिल्म की अपील को बढ़ा रही है।”
बता दें कि कुछ दिन पहले तक कहा जा रहा था कि, बॉर्डर 2 में सनी देओल के साथ आयुष्मान खुराना अहम रोल में नज़र आने वाले हैं लेकिन फिर आयुष्मान ने फ़िल्म को नहीं करने का फ़ैसला किया । हालाँकि प्रोडक्शन हाउस की तरफ़ से इस बारें में कोई ऑफ़िशियल बयान सामने नहीं आया ।
बॉर्डर 2 को लेकर कुछ दिन पहले ही बॉलीवुड हंगामा ने बताया था कि, मेकर्स फ़िल्म को ब्लॉकबस्टर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं । इसलिए उन्होंने बॉर्डर 2 की कहानी लिखने की ज़िम्मेदारी शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म जवान के राइटर सुमित अरोड़ा को दी है । सुमित अरोड़ा इससे पहले शाहरुख खान की जवान (2023), कार्तिक आर्यन स्टारर चंदू चैंपियन (2024) और मनोज बाजपेयी की द फैमिली मैन जैसी फिल्में लिख चुके हैं । सूत्रों के अनुसार, बॉर्डर 2 का प्री-प्रोडक्शन जोरों पर है और निर्माता ऐसी स्क्रिप्ट चाहते हैं जो बॉर्डर की विरासत और नाम को बनाए रखे । बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “सुमित फिलहाल स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं, क्योंकि टीम जल्द ही तय कलाकारों के साथ फिल्म की आधिकारिक घोषणा करना चाहती है।”
बॉर्डर 2 का निर्देशन केसरी (2019) फेम अनुराग सिंह करने वाले हैं । यह फिल्म 2026 के गणतंत्र दिवस सप्ताहांत के दौरान रिलीज करने की प्लानिंग है ।
















