अजय देवगन की हिट फ्रेंचाइजी की एक और फ़िल्म रेड का सीक्वल, रेड 2 जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है । इस फ़िल्म में इस बार अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख भी अहम रोल में नजर आने वाले हैं । फ़िल्म के टीज़र और फ़र्स्ट लुक ने तो लोगों को इंप्रेस कर दिया है और अब मेकर्स इसके ट्रेलर को भी रिलीज करने की तैयारी कर चुके हैं । बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिवली पता चला है कि, अजय देवगन की रेड 2 का ट्रेलर अगले हफ़्ते आएगा ।

EXCLUSIVE: 8 अप्रैल को लॉन्च होगा अजय देवगन की रेड 2 का ट्रेलर ; सनी देओल की जाट के साथ थिएटर में देखने को मिलेगा

रेड 2 का ट्रेलर

बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “रेड 2 का ट्रेलर मंगलवार, 8 अप्रैल को रिलीज़ किया जाएगा । मुंबई में ग्रैंड लेवल पर रेड 2 का ट्रेलर लॉन्च किया जाएगा । इस दौरान अजय देवगन और फिल्म की पूरी स्टार कास्ट मौजूद रहेगी ।”

सूत्र ने आगे बताया, "दर्शकों को गुरुवार, 10 अप्रैल से रेड 2 का ट्रेलर बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रोमो सनी देओल की आने वाली फिल्म जाट के साथ अटैच किया जाएगा। रेड 2 के निर्माताओं ने सनी देओल और जाट के निर्माताओं से अनुरोध किया और वे रेड 2 के ट्रेलर को अपने प्रिंट के साथ अटैच करने के लिए बहुत खुश हैं।"

रेड 2, इसी साल 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी । अजय देवगन के अलावा, इसमें रितेश देशमुख खलनायक की भूमिका में हैं । रेड के पहले भाग के खलनायक सौरभ शुक्ला भी फिल्म में हैं । रेड 2 में अजय देवगन के साथ वाणी कपूर भी अहम रोल में नजर आने वाली हैं । रजत कपूर, सुप्रिया पाठक और अमित सियाल भी स्टार कास्ट का हिस्सा हैं ।

2018 में रिलीज़ हुई रेड में अजय देवगन ने ईमानदार अधिकारी अमय पटनायक की भूमिका निभाई थी और इलियाना डीक्रूज़ ने उनकी पत्नी की भूमिका निभाई थी। फिल्म में एक अधिकारी और उसकी टीम की कहानी और एक भ्रष्ट और शक्तिशाली राजनेता के आलीशान आवास पर छापा मारने के दौरान उनके सामने आने वाली चुनौतियों को दिखाया गया है।

रेड 2 में अजय देवगन एक बार फिर आयकर अधिकारी अमय पटनायक की भूमिका में हैं । पार्ट1 की तरह, दूसरी किस्त भी राज कुमार गुप्ता द्वारा निर्देशित और भूषण कुमार और कृष्ण कुमार की टी-सीरीज़ और कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक के पैनोरमा स्टूडियो द्वारा निर्मित है ।