गदर 2 के साथ अपना ब्लॉकबस्टर कमबैक करने वाले सनी देओल इन दिनों अपनी फ़िल्म की सफ़लता को एंजॉय कर रहे हैं । गदर 2 न केवल उनके करियर की सबसे बड़ी हिट बनी बल्कि हिंदी सिनेमा की अभी तक की पांच सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक भी साबित हुई है । गदर 2 के बाद फ़ैंस की फ़िर से सनी देओल को फ़िल्मों में देखनी डिमांड बढ़ गई है । इसके अलावा कहा जा रहा है कि, गदर 2 की अपार सफ़लता के बाद सनी देओल ने अपनी मार्केट वैल्यू यानि फ़ीस भी बढ़ा ली है ।

EXCLUSIVE: गदर 2 की बंपर कमाई के बाद अपनी फ़ीस बढ़ाने पर सनी देओल ने चुप्पी तोड़ी, कहा- “मुझे मेरी कीमत पता है” ; अभी तक साइन नहीं की कोई फ़िल्म

सनी देओल की बढ़ी मार्केट वैल्यू

गदर 2 की बंपर कमाई के बाद कहा जाने लगा की सनी ने अपनी फ़ीस 50 करोड़ तक बढ़ा ली है । लेकिन जब इस बारें में खुद सनी से पूछा गया तो उन्होंने कहा, “सबसे पहले, मुझे लगता है कि पैसे के लेन-देन की बाते बहुत पर्सनल होती है । कोई भी व्यक्ति अपनी कमाई के बारे में ठीक-ठीक कुछ नहीं बताता, यहां तक कि अपने करीबी लोगों को भी नहीं । दूसरी बात, मैं कितना चार्ज करूंगा या नहीं लूंगा, यह तब तय होगा जब मैं अपनी अगली फिल्म साइन करूंगा । फिलहाल, हम सभी गदर 2 की अपार सफलता को एंजॉय कर रहे हैं ।”

फ़ीस बढ़ाने के सवाल पर सनी ने कहा, “मैं अपनी कीमत जानता हूं । अपने सबसे डाउन फ़ेज में भी मैंने अपनी फ़ीस को लेकर कोई समझौता नहीं किया । इसके अलावा, मैं समझदार इंसान हूं । मैं जानता हूं कि आज सनी देओल को एक अलग नजरिए से देखा जा रहा है । लेकिन मैं तो वहीं हूं जहां मैं था । लोगों का नज़रिया बदल गया है (मैं जहां था वहीं हूं, लोगों की धारणा बदल गई है)।”

इसके बाद उन्होंने कहा, “मेरे लिए मेरा परिवार मेरी सबसे बड़ी संपत्ति है । और क्या चाहिए ?”