साल 2021 में आई शेरशाह में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी एक्टिंग से लोगों को इतना प्रभावित किया कि अब उनसे लोगों की उम्मीदें एक नए लेवल पर पहुंच गई हैं । सिद्धार्थ मल्होत्रा जल्द ही एक और वॉर ड्रामा फ़िल्म में नजर आएंगे जिसका नाम है मिशन मजनू । सच्ची घटनाओं से इंस्पायर जासूसी थ्रिलर मिशन मजनू में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ पहली बार पुष्पा फ़ेम रश्मिका मंदाना नजर आएंगी । हाल ही में मेकर्स ने अनाउंस किया कि सिद्धार्थ और रश्मिका मंदाना की मिशन मजनू थिएटर में रिलीज न होकर डायरेक्ट ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म नेटफ्लिक्स पर 20 जनवरी को रिलीज होगी । और अब इस फ़िल्म को लेकर बॉलीवुड हंगामा को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है जो रश्मिका मंदाना के किरदार से जुड़ी है ।

सिद्धार्थ मल्होत्रा और रश्मिका मंदाना की मिशन मजनू
फ़िल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि,“मिशन मजनू में रश्मिका पहली बार सिद्धार्थ के साथ स्क्रीन शेयर करेंग़ी । इस फ़िल्म में रश्मिका एकदम अलग किरदार में नजर आएंगी क्योंकि फ़िल्म में वह नेत्रहीन महिला की भूमिका निभा रही हैं, जो उनके लिए पहली बार है । इस फ़िल्म में रश्मिका सिद्धार्थ की लव इंटरेस्ट बनी हैं और उनका फ़िल्म की कहानी में अहम रोल है ।”
सूत्र ने आगे बताया, “रश्मिका मंदाना को नेत्रहीन किरदार निभाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी करनी पड़ी । उन्होंने सेट पर आने से पहले काफी रिसर्च भी की थी। निर्माता उनके और सिद्धार्थ मल्होत्रा के बीच के रोमांटिक एंगल को लेकर उत्साहित हैं और उनका मानना है कि यह दर्शकों को पसंद आएगा ।”
रॉनी स्क्रूवाला (आरएसवीपी) अमर बुटाला और गरिमा मेहता (गिल्टी बाय एसोसिएशन मीडिया) द्वारा निर्मित इस फ़िल्म को परवेज शेख, असीम अरोरा और सुमित बथेजा द्वारा लिखा गया है। जबकि शांतनु बागची द्वारा निर्देशित, मिशन मजनू में सिद्धार्थ मल्होत्रा, रश्मिका मंदाना, शारिब हाशमी और कुमुद मिश्रा लीड रोल में नजर आने वाले हैं । फ़िल्म का टीजर कल यानि 16 दिसंबर को रिलीज किया जाएगा ।
रश्मिका ने अपने हिंदी फ़िल्मी करियर की शुरूआत अमिताभ बच्चन स्टारर फ़िल्म गुडबाय (2022) से की थी । इसके बाद वह सिद्धार्थ के साथ मिशन मजनू में तो आएंगी ही साथ ही रणबीर कपूर के साथ फ़िल्म एनिमल में भी लीड रोल में नजर आएंगी ।
















