दिलजीत दोसांझ स्टारर डिटेक्टिव शेरदिल से निर्देशन की पारी शुरू करने वाले रवि छाबड़िया ने इससे पहले बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर कई बड़ी फिल्मों में काम किया है। इनमें से तीन सलमान खान की सुपरहिट फिल्में हैं – सुल्तान (2016), टाइगर जिंदा है (2017) और भारत (2019)। बॉलीवुड हंगामा को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रवि ने सलमान खान संग अपने अनुभव, वरुण धवन के डिलीटेड सीन और यश चोपड़ा से जुड़ी यादों को साझा किया।

वरुण धवन का डिलीटेड सीन
भारत की रिलीज़ से पहले चर्चा थी कि फिल्म में वरुण धवन का कैमियो है, लेकिन बाद में यह सीन फिल्म से हटा दिया गया। इस पर रवि ने कहा, “ये तो प्रोड्यूसर अतुल अग्निहोत्री सर पर निर्भर करता है। मुझे नहीं पता कि वो इसे यूट्यूब पर डालेंगे या नहीं। हमने वो सीन शूट किया था लेकिन फाइनल कट के दौरान उसे निकालने का फैसला लिया गया।”
सीन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, “ये सीन तब का था जब भारत (सलमान खान) मिडिल ईस्ट में ऑयल फील्ड में काम कर रहा होता है। वहीं सलमान सर और वरुण का किरदार आमने-सामने आते हैं। दोनों पंज़ा लड़ाते हैं। ये एक मज़ेदार सीन था।”
सलमान खान की फिल्मों से पहले रवि छाबड़िया ने औरंगजेब (2013) और किल दिल (2014) जैसी यश राज फिल्म्स की फिल्मों में भी असिस्ट किया। उस समय वह महान फिल्मकार यश चोपड़ा से भी मिले थे। उन्होंने याद किया, “मैं वहां था और हमारी बस ‘हाय-हैलो’ होती थी। मुझे आज भी याद है कि शाम को यश जी पूरे YRF स्टूडियो में वॉक पर निकलते थे। ऐसे लोगों के बीच रहना अपने आप में एक सपना था। मैं भी दूसरे असिस्टेंट डायरेक्टर्स की तरह सपना देखता था कि काश एक दिन उन्हें असिस्ट कर पाऊं। कोशिश भी की थी।”
क्या वह आज भी आदित्य चोपड़ा और YRF टीम से जुड़े हुए हैं? इस पर रवि बोले, “हाँ, हमेशा कॉन्टैक्ट में रहता हूँ। मैंने वहीं पर अपनी ग्रोथ की है। मेरे लिए YRF एक यूनिवर्सिटी की तरह था। मैं वहीं पास में रहता था और लगभग 8-9 साल तक काम किया। वो सब मेरे लिए परिवार जैसे ही हैं।”
















