साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1 की रिलीज़ में अब सिर्फ कुछ ही दिन बाकी हैं । 2022 में आई कांतारा एक स्लीपर सुपरहिट साबित हुई थी और अब इसके प्रीक्वल को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है । ऋषभ शेट्टी स्टारर होम्बले फिल्म्स की कांतारा: चैप्टर 1 की रिलीज के लिए सेसर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है । अच्छी खबर यह है कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को बिना किसी विज़ुअल कट के पास किया है। सभी एक्शन और हिंसक दृश्यों को जस का तस रखा गया है, यहां तक कि डायलॉग्स को भी न तो म्यूट किया गया और न ही बदला गया।

कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1 को मिला सेंसर सर्टिफिकेट
CBFC की एग्ज़ामिनिंग कमेटी ने सिर्फ दो बदलाव सुझाए थे । 45वें मिनट पर एक अश्लील हैंड जेस्चर को हटाकर नया शॉट डाला गया और 52 व 53 मिनट पर ड्रग्स के सेवन वाले दृश्यों में एक टिकर जोड़ा गया, जिसमें लिखा है, ‘नारकोटिक ड्रग्स और सायकोट्रॉपिक सब्सटेंस का सेवन और तस्करी क़ानूनन प्रतिबंधित है और इसके लिए सज़ा व जुर्माना हो सकता है।’
इन बदलावों के बाद फिल्म को 22 सितंबर को U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया गया। सेंसर सर्टिफिकेट के मुताबिक, फिल्म की अवधि 168.53 मिनट यानी 2 घंटे 48 मिनट 53 सेकंड है।
इसी के साथ 25 सितंबर को फिल्म के हिंदी वर्ज़न को भी CBFC से मंजूरी मिल गई। वहीं, कर्नाटक में एडवांस बुकिंग की शुरुआत जबरदस्त रही है और 2 अक्टूबर को पहला शो सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा। कांतारा: चैप्टर 1 की एडवांस बुकिंग अब कर्नाटक और अमेरिका में शुरू हो गई है। रिस्पॉन्स जबरदस्त रही है, जो पहले कभी नहीं देखी गई।
दिलचस्प बात यह है कि कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1 के साथ ही सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी भी उसी दिन रिलीज़ हो रही है। अब देखना होगा कि सिनेमाघरों में शो को लेकर इन दोनों बड़ी फिल्मों के बीच कैसे संतुलन बनाया जाता है।
















