रॉकी और रानी की प्रेम कहानी से अपना कमबैक करने वाले अभिनेता रणवीर सिंह की अगली फ़िल्म का उनके फ़ैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं लेकिन लगता है कि, उनकी फ़िल्म के लिए ये इंतज़ार, और लंबा होता जा रहा है । क्योंकि रणवीर सिंह की कई फ़िल्में शुरू होने से पहले ही होल्ड पर जा रही हैं । और उन्हीं में से एक फ़िल्म है साउथ डायरेक्टर एस शंकर की फ़िल्म जो ब्लॉकबस्टर साउथ फ़िल्म अपरिचित का हिंदी रीमेक है । सुनने में आ रहा है कि, हनुमान डायरेक्टर के साथ बनने वाली रणवीर सिंह की फ़िल्म के बाद अब उनकी एक अपरिचित का हिंदी रीमेक फ़िल्म शुरू होने से पहले ही होल्ड पर चली गई है ।

CONFIRMED! साउथ डायरेक्टर एस. शंकर के साथ रणवीर सिंह की अपरिचित हिंदी रीमेक शुरू होने से पहले ही होल्ड पर गई ; “मेकर्स अब इससे भी बड़ी फ़िल्म बनाना चाहते हैं”

रणवीर सिंह की फ़िल्म होल्ड पर गई

हाल ही में पिंकविला को दिए गए एक इंटरव्यू में एस. शंकर ने अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी । रणवीर सिंह के साथ अपरिचित रीमेक की शुरुआती योजनाओं की पुष्टि करते हुए उन्होंने खुलासा किया कि यह प्रोजेक्ट फिलहाल होल्ड पर है । शंकर, जो फिलहाल अपनी आने वाली फिल्मों गेम चेंजर और इंडियन 2 (दोनों 2024 में रिलीज होंगी) के प्रचार में व्यस्त हैं, ने कहा कि निर्माता अपरिचित से भी बड़ी फिल्म बनाना चाहते हैं। निर्देशक ने अपनी मौजूदा फिल्मों की रिलीज के बाद इस प्रोजेक्ट पर फिर से विचार करने की इच्छा जताई ।

एस. शंकर ने कहा, “हमने अपरिचित को हिंदी में बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन उस घोषणा के बाद, बहुत सारी फिल्में आने लगीं । हमारे निर्माता चाहते हैं कि मैं अपरिचित से भी बड़ी फिल्म करूं, इसलिए अभी इसे होल्ड पर रखा गया है । इन दोनों फिल्मों की रिलीज के बाद हम तय करेंगे कि इसे कैसे आगे बढ़ाया जाए ।

वर्क फ़्रंट की बात करें तो रणवीर जल्द ही रोहित शेट्टी की आगामी दिवाली रिलीज़, सिंघम अगेन में अजय देवगन, अक्षय कुमार और दीपिका पादुकोण के साथ अपने सिंबा अवतार में नज़र आने वाले हैं ।  इसके अलावा वह फ़रहान अख़्तर की डॉन 3 में भी कियारा आडवाणी के साथ नज़र आने वाले हैं ।