रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के बैनर एक्सल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी फिल्म मडगांव एक्सप्रेस के साथ कुणाल खेमू पहली बार डायरेक्टर बने हैं । ऐसे में कुणाल खेमू ने अपनी पहली डायरेक्टेड फ़िल्म मडगांव एक्सप्रेस को बेहतरीन कॉमेडी फ़िल्म बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी है । प्रतीक गांधी, दिव्येंदु, अविनाश तिवारी और नोरा फतेही स्टारर मडगांव एक्सप्रेस के ट्रेलर ने तो पहले ही लोगों को इंप्रेस कर दिया है और अब सभी को फ़िल्म की रिलीज का बेसब्री इंतजार है । जहां मडगांव एक्सप्रेस अपनी रिलीज से महज 2 दिन दूर है ऐसे में फ़िल्म की सेंसर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है और मेकर्स को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से थिएटर में रिलीज करने का सर्टिफ़िकेट भी मिल गया है । हालांकि, सीइबीएफ़सी ने मडगांव एक्सप्रेस के मेकर्स को फ़िल्म में कुछ बदलाव करने का निर्देश दिया जिसके बाद ही उन्हें सर्टिफ़िकेट दिया गया ।

मडगांव एक्सप्रेस को कुछ बदलावों के साथ सीबीएफ़सी ने किया पास
मडगांव एक्सप्रेस को सीबीएफ़सी ने कुछ बदलावों के साथ U/A सर्टिफ़िकेट दिया । इसके अलावा एक कटलिस्ट सौंपी । इस कट लिस्ट के अनुसार, सीबीएफसी की जांच समिति ने निर्माताओं - एक्सेल एंटरटेनमेंट - से दूसरे भाग में क्लीवेज के दृश्यों को 'उपयुक्त रूप से संशोधित' करने के लिए कहा। उन्होंने निर्माताओं से मडगांव एक्सप्रेस के फ़र्स्ट हाफ़ में अर्ध-नग्न लड़कियों के दृश्य को 'उपयुक्त रूप से संशोधित' करने के लिए कहा। तभी फिल्म की शुरुआत में बैकग्राउंड में एक गंदा शब्द नजर आता है । इस अपशब्द को हटाने के लिए कहा गया । फिल्म को ऑडियो कट से भी गुजरना पड़ा । कुछ अपशब्दों का प्रयोग किया गया और उन्हें स्वीकार्य शब्दों से बदल दिया गया ।
अंत में, सीबीएफसी ने मडगांव एक्सप्रेस के निर्माताओं को लंबे-लंबे डिस्क्लेमर लगाने का निर्देश दिया कि फिल्म काल्पनिक है और उनका इरादा किसी भी समुदाय, शहर, राज्य, वर्ग, समुदाय, क्षेत्र आदि का अनादर करने का नहीं है। दूसरा डिस्क्लेमर या चेतावनी यह भी जोड़ा गया कि नशीली दवाओं और मन:प्रभावी पदार्थों का सेवन और तस्करी कानून द्वारा निषिद्ध है। नशीली दवाओं से संबंधित दृश्यों में एक नशीली दवा-विरोधी टिकर भी शामिल किया गया था । फिल्म तीन लोगों की कहानी है जो गोवा जाते हैं और खतरनाक अपराधियों से जुड़ जाते हैं। ड्रग्स एक महत्वपूर्ण कथानक बिंदु है, जैसा कि ट्रेलर से भी स्पष्ट है ।
सीबीएफ़सी द्वारा बताए गए बदलावों को करने के बाद फ़िल्ममेकर्स को सेंसर प्रमाणपत्र सौंप दिया गया । जैसा कि प्रमाणपत्र पर बताया गया है, फिल्म की लंबाई 144 मिनट है । संक्षेप में कहें तो मडगांव एक्सप्रेस 2 घंटे 24 मिनट लंबी है ।
















