बॉलीवुड की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म पठान देने के बाद शाहरुख खान की अगली फ़िल्म, जवान की डिमांड इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि लोग इसकी एक झलक पाने के लिए बेहद उत्साहित हैं । साउथ फ़िल्ममेकर एटली के निर्देशन में बनी जवान में शाहरुख खान के साथ साउथ एक्ट्रेस नयनतारा और विजय सेतुपति मुख्य भूमिका में नज़र आने वाले हैं । इसलिए यह फ़िल्म हर मायने में लोगों की लिस्ट में सबसे ऊपर है । और अब बॉलीवुड हंगामा को शाहरुख खान की जवान को लेकर एक एक्सक्लूसिव अपडेट मिली है जो यक़ीनन फ़ैंस के एक्साइटमेंट लेवल को हाई कर देगी ।

शाहरुख खान की जवान का टीज़र इस दिन आएगा
फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े हमारे करीबी सूत्र के अनुसार जवान का टीज़र 7 जुलाई या 15 जुलाई को धूमधाम के साथ लॉन्च किया जाएगा । ट्रेड सूत्र ने हमें बताया, “शाहरुख और एटली जवान के टीज़र को ग्रैंड लेवल पर लॉन्च करेंगे । यह अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल लॉन्च होगा । फ़िल्म का टीज़र हर किसी के होश उड़ा देगा । इसमें शाहरुख को पहले कभी नहीं देखे गए अवतार में देखा जाएगा । मेकर्स चेन्नई में जवान के टीज़र को लॉन्च करने के लिए एक स्पेशल गेस्ट की तलाश कर रहे हैं, और एक बार यह तय हो जाने के बाद तारीख भी तय हो जाएगी । इसलिए, फिलहाल इस बात पर संशय है कि इसे कब रिलीज़ किया जाएगा 7 या 15 जुलाई ।”
टीज़र एक्शन पैक्ड फ़िल्म जवान के 2 महीने लंबे मार्केटिंग कैंपेन की भी शुरुआत करेगा, क्योंकि टीज़र लॉन्च के बाद गाने और ट्रेलर लॉन्च किए जाएँगे । ट्रेड सूत्र ने हमें बताया, “जवान 7 सितंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए तैयार है और ठीक 7 जुलाई को कैंपेन शुरू होगा । पठान के बाद, शाहरुख एक और ब्लॉकबस्टर देने के लिए तैयार हैं ।”
जवान 7 सितंबर को पूरे भारत में रिलीज होने वाली है और इसका संगीत अनिरुद्ध ने दिया है। फिल्म का निर्माण एटली के साथ रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है।
















