
हॉलीवुड फ़िल्मों के हिंदी रीमेक के बनाने के चलन में अब एक और हॉलीवुड फ़िल्म का नाम जुड़ गया है जिस पर अब हिंदी में फ़िल्म बनाई जा रही है । साल 2014 में आई हॉलीवुड फ़िल्म द फॉल्ट इन अवर स्टार्स, का हिंदी रीमेक बनाया जाएगा । इसके हिंदी रीमेक को फ़ोक्स स्टार स्टूडियो द्दारा प्रोड्यूस किया जाएगा और मुकेश छाबड़ा इसके निर्देशन के साथ निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखेंगे । इस फ़िल्म में सुशांत सिंह राजपूर अहम भूमिका निभाएंगे ।
गौरतलब है कि फ़िल्म द फॉल्ट इन अवर स्टार्स 2014 में रिलीज़ हुई थी । इस संवेदनशील और अनोखी प्रेम कहानी को हर तरफ़ से खूब सराहा गया । इस फ़िल्म की कहानी एक कैंसर पीड़ित लड़की हेजल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सपोर्ट ग्रुप में एक लड़के से मिलती है और उससे प्यार करने लगती है । सुशांत इस फिल्म में एनसेल एलगोर्ट के कैरेक्टर 'गस' का रोल प्ले करेंगे, जो खुद भी एक कैंसर सर्वाइवर है । हॉलीवुड फिल्म में हेजल का रोल शैलेन वुडले ने निभाया है ।
मुकेश छाबरा ने पुष्टि करते हुए कहा, ''हां मैं द फ़ॉल्ट इन अवर स्टार्स का रीमेक बना रहा हूं । लेकिन अभी मैं इसकी स्क्रिप्ट पर काम कर रहा हूं । इस फ़िल्म में सुशांत सिंह राजपूत अहम भूमिका में नजर आएंगे । इसके अलावा अभी तक हिरोइन फ़ाइनल नहीं की गई है ।
द फ़ॉल्ट इन अवर स्टार्स जॉन ग्रीन द्दारा लिखे गए उपन्यास पर आधारित थी । इस फ़िल्म को जोश बूने ने निर्देशित किया था और 20th सेंचुरी फ़ोक्स द्दारा प्रोड्यूस किया गया था ।
















