बॉलीवुड हंगामा सलमान खान अभिनीत भव्य ईद रिलीज़, सिकंदर के बारे में खबरें देने में सबसे आगे रहा है। 16 मार्च को, हमने बताया कि फिल्म की रिलीज़ की तारीख जल्द ही एक पोस्टर के साथ घोषित की जाएगी । दो दिन बाद, हमने वायरल खबर को ब्रेक किया कि सिकंदर रविवार, 30 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। एक दिन बाद, निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर एक पोस्टर के साथ फिक्स रिलीज़ डेट अनाउंस कर दी । और अब, हमें यह पता चला है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने 21 मार्च को फिल्म के थिएट्रिकल ट्रेलर और फाइनल कट दोनों को पास कर दिया है।

सिकंदर को मिला ग्रीन सिग्नल
सर्टिफिकेट के अनुसार, सिकंदर का थिएट्रिकल ट्रेलर 3 मिनट और 38 सेकंड लंबा है। वहीं, फिल्म का रन टाइम 150.8 मिनट है, यानी 2 घंटे 30 मिनट और 8 सेकंड। प्रोमो और फिल्म दोनों को CBFC ने UA 13+ सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है । सिकंदर एक दुर्लभ फिल्म है जिसे CBFC ने ट्रेलर के साथ एक ही दिन पास किया है ।
अब जबकि CBFC की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, सभी की निगाहें ट्रेलर पर टिकी हैं, जिसका अनावरण रविवार, 23 मार्च को किया जाएगा । फिल्म को सर्टिफिकेट मिलने के साथ ही, थिएटर भी एडवांस बुकिंग खोलने के लिए स्वतंत्र हैं ।
सलमान खान के अलावा, सिकंदर में रश्मिका मंदाना, शरमन जोशी, काजल अग्रवाल और अन्य भी हैं। इसे गजनी (2008) फेम ए आर मुरुगादॉस ने निर्देशित किया है और साजिद नाडियाडवाला की नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित किया गया है।
सिकंदर का एक और दुर्लभ पहलू इसका रविवार को रिलीज़ होना है । बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “निर्माताओं को भरोसा है कि यह रिलीज़ के लिए सही दिन है। रविवार को एक बड़ी छुट्टी होगी, खासकर महाराष्ट्र में क्योंकि उस दिन गुड़ी पड़वा है। इस बीच, रमज़ान ईद सोमवार, 31 मार्च को मनाई जाएगी । कई केंद्रों में मंगलवार, 1 अप्रैल और बुधवार, 2 अप्रैल को ईद के बाद की छुट्टी का असर भी रहेगा । शुक्रवार, 4 अप्रैल से कलेक्शन में फिर से उछाल देखने को मिलेगा । इसलिए, रविवार, 6 अप्रैल तक, फ़िल्म के कलेक्शन बहुत अच्छे रहेंगे ।”
















