नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई मल्टीस्टारर डायरेक्टर अनुभव सिन्हा की वेब सीरीज IC-814: द कंधार हाईजैक को जहां एक तरफ जनता से तारीफ़ें मिल रही है वहीं यह विवादों में भी आ गई है । रियल घटनाओं पर बनी इस वेब सीरीज में इंडियन एयरलाइन्स की फ्लाइट को हाईजैक करने वाले आतंकी, पूरी घटना के दौरान अपने रियल नामों की बजाय, कोड नेम इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं । ये नाम हैं- बर्गर, चीफ, शंकर और भोला । सोशल मीडिया पर दर्शकों ने IC 814 में हाईजैकर्स के हिंदू नामों को लेकर आपत्ति जताई और आरोप लगे कि ये आतंकवादियों के रियल नाम छिपाने की कोशिश है और इसे लेकर विवाद बढ़ गया । विवाद को बढ़ता देख केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट हेड को समन जारी किया जिसके बाद फ़ैसला हुआ कि अब सीरिज़ में डिस्क्लेमर के साथ हाईजैकर्स के असली नाम भी दिखेंगे ।

BREAKING: रियल घटना पर बेस्ड वेब सीरीज IC 814: द कंधार हाईजैक में अब दिखेंगे हाईजैकर्स के असली नाम ; Netflix ने सीरिज की शुरुआत में जोड़ा डिस्क्लेमर

वेब सीरीज IC-814: द कंधार हाईजैक में हाईजैकर्स के असली नाम दिखेंगे

इस मामले में नेटफ्लिक्स की कंटेंट हेड मोनिका शेरगिल को 3 सितंबर को दिल्ली में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के दफ़्तर में तलब किया गया था । रिपोर्ट्स के मुताबिक़, सूचना प्रसारण मंत्रालय के सचिव के साथ, 40 मिनट लंबी मीटिंग के बाद नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट चीफ मोनिका शेरगिल ने ऑफिशियल बयान जारी किया । उन्होंने  कहा कि अब शो के डिस्क्लेमर में IC 814 के रियल हाईजैकर्स के असली नाम, उनके उन कोड-नेम के साथ अपडेट कर दिए गए हैं जो उन्होंने घटना के दौरान इस्तेमाल किए ।

अपने ऑफिशियल बयान में मोनिका ने कहा, “1999 में इंडियन एयरलाइन्स की फ्लाइट 814 के हाईजैक से अनजान लोगों के लिए, हमने शो का ओपनिंग डिस्क्लेमर अपडेट कर दिया है । अब इसमें हाईजैकर्स के रियल और कोड-नेम भी शामिल हैं । सीरीज में वही कोड-नेम हैं जो असल घटना में इस्तेमाल किए गए थे ।

मोनिका ने अपने बयान में आगे यह भी कहा, “भारत में स्टोरीटेलिंग की समृद्ध संस्कृति रही है और हम इन कहानियों को, ऑथेंटिक रिप्रेजेंटेशन के साथ दिखाने के लिए कमिटेड हैं ।”

इसके अलावा मुंबई में आईसी 814: द कंधार हाईजैक की पूरी टीम की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हुई । कार्यक्रम की शुरुआत में ही होस्ट ने इस विवाद पर नेटफ्लिक्स का आधिकारिक बयान पढ़ा । होस्ट ने कहा, “इस मामले पर यह एकमात्र आधिकारिक बयान है । ऑनलाइन बहुत सारी रिपोर्ट हैं और मैं प्रेस के सम्मानित सदस्यों से अनुरोध करता हूं कि कृपया इस विशेष बयान का संदर्भ लें ।”

बयान में कहा गया है, “1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC 814 के अपहरण से अपरिचित दर्शकों के लाभ के लिए, शुरुआती डिस्क्लेमर को अपडेट किया गया है, जिसमें अपहरणकर्ताओं के वास्तविक और कोड नाम शामिल हैं । सीरिज़ में कोड नाम वास्तविक घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए नामों को दर्शाते हैं । भारत में कहानी कहने की समृद्ध संस्कृति है, और हम इन कहानियों और उनके प्रामाणिक प्रतिनिधित्व को दिखाने के लिए प्रतिबद्ध हैं ।”

बयान पढ़े जाने के बाद, शो की टीम - अभिनेता विजय वर्मा, नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर, दीया मिर्जा, कुमुद मिश्रा, पत्रलेखा, मनोज पाहवा, निर्देशक अनुभव सिन्हा और अन्य - कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए मंच पर आए ।