29 जुलाई, मंगलवार को आमिर खान ने मीडिया को संबोधित करते हुए ये ऐलान किया कि उनकी हालिया हिट फिल्म सितारे ज़मीन पर थिएट्रिकल रन के बाद किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ नहीं होगी । बल्कि इसके बजाए यूट्यूब पर पे-पर-व्यू मॉडल के साथ रिलीज होगी । आमिर खान ने बताया कि सितारे ज़मीन पर, 1 अगस्त से उनके यूट्यूब चैनल, आमिर खान टॉकीज़ पर रिलीज होगी । यानी फ़िल्म देखने के लिए दर्शकों को सिर्फ़ ₹100 का भुगतान करना होगा।

आमिर खान ने ठुकराई Netflix की 125 करोड़ की डील
बॉलीवुड हंगामा ने इस बारें में सबसे पहले बताया था कि, Netflix ने आमिर खान को ₹125 करोड़ की डील ऑफर की थी ताकि वह यूट्यूब रिलीज़ छोड़कर उनकी प्लेटफॉर्म पर फिल्म रिलीज़ करें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब एक पत्रकार ने आमिर से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा, “मुझे OTT की 125 करोड़ की डील नहीं चाहिए। मुझे अपने देश की जनता से ₹100 चाहिए। मुझे बड़ी कंपनी का पैसा नहीं चाहिए, मुझे मेरी ऑडियंस का प्यार चाहिए। मैं अपने काम पर और अपनी ऑडियंस पर भरोसा करता हूं। अगर मेरा काम काबिल होगा, तो लोग पहले थिएटर में देखेंगे और फिर यूट्यूब पर भी पे-पर-व्यू में देखेंगे।”
OTT डील्स पर बात करते हुए आमिर ने साफ कहा, “सिनेमा को इससे नुकसान हो रहा है। ऐसी डील से सिर्फ मुझे फायदा होगा, लेकिन इंडस्ट्री को लंबी अवधि में इसका नुकसान होगा। मैं ऐसा नहीं कर सकता।”
आमिर खान का यह कदम भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में डिजिटल रिलीज़ के भविष्य को लेकर एक नई दिशा तय कर सकता है। अब देखना होगा कि यूट्यूब पर पे-पर-व्यू मॉडल को दर्शकों से कितना रिस्पॉन्स मिलता है।
















