देशभर के सिनेमाघरों में इस वीकेंड जबरदस्त रौनक देखने को मिली, जहां बॉलीवुड, हॉलीवुड और टॉलीवुड की कई बड़ी फिल्में एक साथ चल रही हैं। यह सीज़न दर्शकों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं, क्योंकि उनके पास एंटरटेनमेंट के लिए ढेरों ऑप्शंस मौजूद हैं । इस हफ़्ते दो हिट फ़िल्मों का सीक्वल रिलीज़ हुआ सन ऑफ सरदार 2 और धड़क 2, और इन दोनों ही फिल्मों ने औसत रूप से अपने लिए दर्शक जुटाए ।

सन ऑफ सरदार 2 और धड़क 2 का बॉक्स ऑफिस टकराव
जो दर्शक फैमिली मसाला एंटरटेनर की तलाश में हैं, उनके लिए अजय देवगन की सन ऑफ सरदार 2 एक बेहतरीन चॉइस साबित हुई है। फिल्म ने शुक्रवार को ₹7.50 करोड़ की ओपनिंग ली और रविवार को इसका कलेक्शन बढ़कर ₹9 करोड़ पहुंच गया।
हालांकि, अगर यह फिल्म सोलो रिलीज़ होती और कोई होल्डओवर कॉम्पिटिशन नहीं होता, तो तीनों दिन इसके कलेक्शन डबल डिजिट में जा सकते थे। लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए फिल्म ने वीकेंड पर कुल ₹24.75 करोड़ का अच्छा स्कोर बनाया है। अब देखना यह होगा कि क्या फिल्म वीकडेज में भी अपना यह मोमेंटम बनाए रख पाती है या नहीं।
वहीं दूसरी ओर धड़क 2 ने अपनी रिलीज़ डेट को लेकर काफी सोच-समझकर फैसला लिया था, लेकिन उसे यह अंदाज़ा नहीं था कि इस दौरान कई बड़ी फिल्में पहले से थिएटर्स में मौजूद रहेंगी।
अगर सामने केवल सन ऑफ सरदार 2 होती तो बात अलग थी, क्योंकि दोनों फिल्मों का ज़ॉनर बिल्कुल अलग है। लेकिन कई होल्डओवर फिल्मों की मौजूदगी के चलते फिल्म का रविवार का कलेक्शन ₹4.27 करोड़ पर सीमित रह गया।
सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी स्टारर यह फिल्म अब तक कुल ₹11.97 करोड़ का कलेक्शन दर्ज कर चुकी है।
इन दोनों फिल्मों के प्रदर्शन से एक बात तो साफ है — चाहे मुकाबला कितना भी बड़ा क्यों न हो, कंटेंट और वर्ड ऑफ माउथ ही किसी फिल्म की लंबी रेस तय करते हैं। आने वाले वीकडेज अब अहम साबित होंगे, जहां यह देखा जाएगा कि इनमें से कौन सी फिल्म अपनी पकड़ बनाए रखती है और कौन सी पिछड़ जाती है।
















