आयुष्मान खुराना एक बार फिर ड्रीम गर्ल के डायरेक्टर राज शांडिल्य के साथ काम करने की तैयारी कर रहे हैं । ड्रीम गर्ल और ड्रीम गर्ल 2 में साथ काम कर चुके राज शांडिल्य इस बार आयुष्मान खुराना के साथ एक स्टैंडअलोन कॉमेडी फ़िल्म की प्लानिंग कर रहे हैं । पिंकविला की खबर के मुताबिक़, यदि सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही शूटिंग शुरू हो जाएगी ।

राज शांडिल्य और आयुष्मान खुराना फिर से साथ आएंगे
प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, राज ने एक मजेदार पारिवारिक कॉमेडी लिखी है और आयुष्मान ने इस फिल्म में काम करने में रुचि दिखाई है । प्रोजेक्ट से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया, “यह फिल्म ड्रीम गर्ल 3 नहीं बल्कि एक स्टैंडअलोन कॉमेडी फिल्म है । राज शांडिल्य एक हटके कॉमिक एंटरटेनर लिख रहे हैं और आयुष्मान फिल्म के मूल विचार से प्रभावित हैं । एक और महीने में लेखन पूरा हो जाएगा, उसके बाद कहानी सुनाई जाएगी ।”
राज फ़िलहाल विक्की विद्या का वो वाला वीडियो पर काम कर रहे हैं, वहीं आयुष्मान करण जौहर और गुनीत मोंगा द्वारा निर्मित एक अनाम कॉमेडी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं । करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के साथ आयुष्मान की यह पहली फ़िल्म होगी । आकाश कौशिक इस अनटाइटल्ड अनोखी जासूसी कॉमेडी फ़िल्म को डायरेक्ट करेंगे । प्रोडक्शन से जुड़े सूत्रों ने पिंकविला को बताया, “करण और गुनीत इस विषय को लेकर बहुत उत्साहित हैं क्योंकि स्क्रिप्ट जासूसी तत्वों और कॉमेडी के बेहतरीन मिश्रण के साथ अच्छी तरह से तैयार की गई है । स्क्रिप्ट एक कमर्शियल फिल्म के सभी मानदंडों पर खरी उतरती है क्योंकि इसमें कॉमेडी के साथ-साथ स्केल, थ्रिल और एक्शन भी है । करण, गुनीत और आकाश की तिकड़ी को लगता है कि आयुष्मान खुराना इस किरदार के लिए बिल्कुल फिट बैठते हैं ।”
इस फिल्म में हिंदी सिनेमा में जासूसी शैली को फिर से पेश करने की क्षमता है और इसे आयुष्मान खुराना की एक बेहतरीन फिल्म माना जाएगा । सूत्र ने आगे कहा, “फिल्म की शूटिंग कुछ महीनों में शुरू हो जाएगी और फ़िल्म का टाइटल भी जल्द ही अनाउंस कर दिया जाएगा । इस फ़िल्म में आयुष्मान के साथ सारा अली खान को लेने पर विचार-विमर्श चल रहा है, जल्द ही कोई फ़ैसला ले लिया जाएगा ।”
वर्क फ़्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना की पिछली फ़िल्म ड्रीम गर्ल 2 थी । इस फ़िल्म में आयुष्मान के साथ अनन्या पांडे, अन्नू कपूर, परेश रावल, मनजोत सिंह, राजपाल यादव मुख्य भूमिका में नज़र आए थे ।
















