अक्षय कुमार इंडस्ट्री के उन एक्टर्स में से एक हैं जो एक साल में कई सारी फिल्में करने के लिए जाने जाते हैं । साल में कई फिल्में लाने के चक्कर में कई बार उनकी कुछ फ़िल्में सुपरहिट साबित होती है तो कुछ फ्लॉप । ऐसे में अक्षय कुमार पर कई बार ये आरोप लगाया जाता है कि वो सिर्फ पैसों के बारे में सोचने वाले इंसान हैं, इसलिए वो एकसाथ कई सारी फिल्में किया करते हैं । लेकिन अब बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने उन आलोचकों को करारा जवाब दिया है, जो उन्हें “मनी माइंडेड” कहकर निशाना बनाते हैं । अक्षय कुमार का कहना है कि अगर वह पैसा कमा रहे हैं तो वह उनकी मेहनत का नतीजा है, न कि किसी तरह की गलत कमाई का।

मनी माइंडेड कहे जाने पर अक्षय कुमार का सीधा जवाब
हाल ही में जॉली एलएलबी 3 के प्रमोशन के दौरान लोकप्रिय शो, आप की अदालत में पहुंचे अक्षय ने खुद अपनी कमाई पर बात करते हुए उन लोगों पर पलटवार किया है जो उनके ऊपर पैसों की सोच रखने का आरोप लगाते हैं । अक्षय ने कहा, “अगर पैसा कमाया है तो लूट के नहीं कमाया। मैंने काम करके कमाया है। पिछले 8 सालों से मैं सबसे ज्यादा टैक्स देने वालों में हूं। तो ये कैसे हो सकता है कि मैं मनी माइंडेड हूं ? पैसा जिंदगी में जरूरी पहलू है, इंसान को प्रैक्टिकल रहना पड़ता है।”
अक्षय ने आगे कहा, “पैसा कमाता हूं, टैक्स देता हूं और उन पैसों से सेवा करता हूं। ये मेरा धर्म है। चाहे लोग कुछ भी कहें, मैं विश्वास नहीं करता। जब तक आप मेहनत से पैसा कमा रहे हैं, किसी से चोरी-लूट नहीं कर रहे, तब तक कोई समस्या नहीं है। लोग चाहे कुछ भी कहें, मुझे फर्क नहीं पड़ता।”
गौरतलब है कि अक्षय कुमार न केवल एक सफल अभिनेता बल्कि निर्माता भी हैं और लगातार भारत के सबसे ज्यादा टैक्स चुकाने वाले सितारों में शामिल रहते हैं ।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय की हालिया रिलीज फ़िल्म जॉली एलएलबी 3 को मिक्स रिव्यूज मिले हैं । और फ़िल्म पॉजिटिव वर्ड ऑफ़ माउथ के कारण बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म कर रही है । इस बार जॉली एलएलबी 3में अक्षय कुमार के साथ अरशद वारसी भी लीड रोल में नजर आए हैं ।
















