अरशद वारसी की जॉली एलएलबी और अक्षय कुमार की जॉली एलएलबी 2 की अपार सफलता के बाद मेकर्स ने अरशद वारसी और अक्षय कुमार दोनों के साथ इस फ़िल्म के तीसरे पार्ट, जॉली एलएलबी 3 अनाउंस की थी और तभी से फ़िल्म को लेकर उत्साह डबल है । फ़िल्म की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है और फाइनली मेकर्स ने जॉली एलएलबी 3 की रिलीज डेट भी लॉक कर ली है । सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी जॉली एलएलबी 3 इसी साल सितंबर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।

सितंबर में आएगी जॉली एलएलबी 3
वायकॉम 18 स्टूडियोज ने 19 सितंबर 2025 को बहुप्रतीक्षित फिल्म जॉली एलएलबी 3 के लिए रिलीज डेट लॉक कर दी है, जो फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी फिल्म है। जॉली एलएलबी 3 में अक्षय कुमार और अरशद वारसी के साथ सौरभ शुक्ला और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं । फ़िल्म में अक्षय जहां जॉली मिश्रा का किरदार निभाएंगे, वहीं अरशद जॉली त्यागी के रूप में दिखाई देंगे । वहीं सौरभ शुक्ला जज की अपनी भूमिका दोहराएंगे । जॉली एलएलबी फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म, जॉली एलएलबी 3 पूरे 8 साल बाद सिनेमाघरों में आ रही है । जॉली एलएलबी का दूसरा पार्ट 2017 में आया था ।
जॉली एलएलबी 3 की शूटिंग मई 2024 में अजमेर में शुरू हुई थी, जहां शूटिंग के लिए अजमेर के डीआरएम कार्यालय में विशेष रूप से एक कोर्ट रूम बनाया गया है । जॉली एलएलबी 3 के लिए अक्षय ने अजमेर में फिल्म की शूटिंग खत्म करने के बाद अरशद के साथ एक वीडियो शेयर किया। क्लिप में दोनों कलाकार खून से लथपथ बाइक चलाते हुए नजर आ रहे हैं, जो फिल्म में एक एक्शन सीक्वेंस की ओर इशारा करता है।
















